रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, प्रयागराज परिक्षेत्र ने व्यापक इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान 26 से 31 अगस्त 2026 तक यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी और अयोध्या समेत सभी प्रमुख रूटों पर प्रतिदिन कुल 148 अतिरिक्त बस फेरों (ट्रिप) का संचालन किया जाएगा।
इस दौरान निर्बाध बस संचालन बनाए रखने के लिए चालक, परिचालक और कार्यशाला कर्मियों के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रोत्साहन योजना भी लागू की गई है, जिसके तहत बेहतर कार्य और मानक दूरी तय करने पर उन्हें एकमुश्त आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक रवींद्र कुमार के अनुसार, रक्षाबंधन पर यात्रियों के आवागमन को पूरी तरह सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भाई-बहन के पावन पर्व रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा और सुगम सफर के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC), प्रयागराज परिक्षेत्र ने विशेष तैयारी की है। इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा। त्योहार के पहले और बाद में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम 26 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विभिन्न प्रमुख रूटों पर प्रतिदिन 148 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप) संचालित करेगा।
परिवहन निगम के अनुसार, त्योहार के दौरान सबसे ज्यादा मांग वाले मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। इसमें प्रयागराज से लखनऊ मार्ग पर सर्वाधिक 34 अतिरिक्त ट्रिप चलाई जाएंगी। इसके अलावा प्रयागराज-जौनपुर-गोरखपुर मार्ग पर 26, प्रयागराज-कानपुर मार्ग पर 24, प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर 24, प्रयागराज-अयोध्या मार्ग पर 20, प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर 10 और प्रयागराज-बांदा मार्ग पर 10 अतिरिक्त ट्रिप संचालित होंगी।
इसके साथ ही, रक्षाबंधन अवधि के दौरान बसों के सुचारू व निर्बाध संचालन के लिए निगम मुख्यालय ने चालक, परिचालक एवं कार्यशाला कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन (इंसेंटिव) योजना भी लागू की है। 26 से 31 अगस्त (6 दिन) की अवधि में न्यूनतम 6 दिन उपस्थित रहकर 1800 किलोमीटर पूरा करने वाले नियमित व संविदा चालकों-परिचालकों को 1200 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संविदा कर्मियों द्वारा 1800 किमी से अधिक दूरी तय करने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त भुगतान किया जाएगा।
डिपो व क्षेत्रीय कार्यशाला के कर्मचारियों को 6 दिन उपस्थित रहने पर 500 रुपये का एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस प्रोत्साहन योजना की पात्रता के लिए सेवा का लोडफैक्टर 64 प्रतिशत से अधिक होना अनिवार्य रहेगा।
रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों के सुगम व सुरक्षित आवागमन के लिए सभी प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया गया है। कार्यशाला से लेकर डिपो स्तर तक कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रोत्साहन योजना से कर्मचारी भी पूरी क्षमता के साथ सेवाएं देंगे।
– रवींद्र कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम), रोडवेज प्रयागराज परिक्षेत्र।