हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही हिमाचल और गुजरात को लेकर ओपिनियन पोल भी सामने आने शुरू हो गए हैं। गुजरात में भी जल्द चुनाव होने वाले हैं और कुछ ही दिन में इसका ऐलान होने की संभावना है। चुनाव पूर्व सर्वे की मानें तो, गुजरात में एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की वापसी हो सकती है। टाइम्स नाउ नवभारत के ओपिनियन पोल के अनुसार, गुजरात में जहां भाजपा फिर से जबर्दस्त तरीके से कमल खिलाती दिख रही है। वहीं, हिमाचल में भी दोबारा सत्ता में लौटकर कमाल कर सकती है।
भाजपा को 125 से अधिक सीटें मिलने का अनुमान
ओपिनियन पोल की मानें तो गुजरात में भाजपा इस बार पहले से भी अधिक ताकतवर होती दिख रही है और उसे 125 से 131 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को बड़ा झटका लगने के साथ ही महज 29 से 33 सीट मिलने का अनुमान है। इसके साथ ही अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) यहां तीसरे नंबर पर रह सकती है और उसे 18 से 22 सीटें ही मिलती दिख रही है और 2 से 4 सीटें अन्य के खाते में जाने की संभावना है।
वोट शेयर में कांग्रेस से आगे ‘आप’
ओपिनियन पोल के अनुसार, गुजरात में अगर वोट प्रतिशत की बात करें तो भाजपा यहां 48% वोटों के साथ सबसे आगे रह सकती है, जबकि आम आदमी पार्टी के 24% वोट शेयर के साथ दूसरे नंबर पर रहने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस को महज 21% वोट ही मिलते दिख रहे हैं।
