कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर कांग्रेस समेत कई पार्टियों के नेता उनको जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक एक्स पोस्ट में राहुल गांधी बर्थडे विश करते हुए लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं. उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।”

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज यानी शुक्रवार को 56 साल के हो गए हैं। जन्मदिवस के खास मौके पर समर्थकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से भी शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। प्रधानमंत्री मोदी का राहुल गांधी को दिया गया यह बधाई संदेश राजनीतिक मतभेदों से परे जाकर लोकतांत्रिक परंपराओं और आपसी सौहार्द्र को दर्शाता है।

कांग्रेस ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “ऐसी दुनिया में जहां ज्यादातर लोग चुप रहना पसंद करते हैं, आपने हमेशा उस बात के लिए आवाज उठाई है जिसे आप सही मानते हैं। अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ आपकी लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।

आप लोगों को यह विश्वास दिलाते हैं कि राजनीति सिर्फ सत्ता पाने की बेरहम दौड़ नहीं है, बल्कि यह बदलाव लाने का एक सशक्त जरिया है। यह उसूलों पर चलने वाली और करुणा से प्रेरित हो सकती है।ईमानदारी, सहानुभूति और उम्मीद की तलाश कर रही पूरी पीढ़ी के लिए, आप ‘जेन ज़ी’ (Gen Z) की आवाज बन गए हैं।

एक ऐसे नेता जो उनकी बात सुनते हैं, समझते हैं, उन्हें सशक्त बनाते हैं और उनकी आकांक्षाओं के लिए आवाज उठाते हैंय़ एक अधिक दयालु, निष्पक्ष भारत और हर दिल में ‘मोहब्बत की दुकान’ के लिए, आपके लिए हमेशा शक्ति और खुशियों की कामना करता हूं।”कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “संविधान के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा और अनसुनी आवाजों के लिए आपकी बेबाक लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है। कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने की परंपरा, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की भावना आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में झलकती है।

लोगों के साथ लगातार जुड़ाव और सत्ता के सामने सच बोलने के आपके साहस के जरिए, आपने हमेशा सबसे कमज़ोर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के हितों की वकालत की है। ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश की सेवा में लंबी उम्र प्रदान करे।”

राजस्थान के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, “युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए अथक संघर्ष करने वाले राहुल जी पूरे देश में उन लोगों की सशक्त आवाज बन गए हैं, जिनकी बात पहले सुनी नहीं जाती थी।

संवैधानिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता लाखों लोगों को प्रेरित करती रहती है। मैं आपके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और देश की सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए निरंतर शक्ति की कामना करता हूं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *