राम मंदिर में चढ़ावा में चोरी की जांच के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के दौरे पर आ रहे हैं। शुक्रवार को सीएम योगी राम नगरी को दो बड़ी सौगातें देंगे। अयोध्या नगर निगम के तत्वाधान में बहुप्रतीक्षित रामायण वैक्स म्यूजियम और नवनिर्मित जोनल कार्यालय का लोकार्पण कर इन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वैक्स म्यूजियम परिसर में आयोजित समारोह को भी संबोधित करेंगे। इसके अलावा कई परियोजनाओं की भी सौगात देंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सीएम योगी के कार्यक्रम को देखते हुए बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने समारोह से जुड़े सभी स्थलों का निरीक्षण किया। महापौर ने राम कथा पार्क के निकट स्थित हेलीपैड स्थल का जायजा लिया और घास की सफाई व खुले केबल को अंडरग्राउंड करने के निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वैक्स म्यूजियम अयोध्या आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं का नया आकर्षण बनेगा। म्यूजियम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान जी, ऋषि वशिष्ठ, रावण, मेघनाथ और जटायु समेत रामायण के प्रमुख 25 से अधिक पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं लगाई गई हैं।

लोकार्पण के बाद म्यूजियम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। टिकट और समय-सारिणी की घोषणा 19 जून को उद्घाटन के बाद की जाएगी। यहीं से मुख्यमंत्री मोहबरा बाजार में 10.19 करोड़ रुपये की लागत से बने नगर निगम के नए जोनल कार्यालय का भी लोकार्पण करेंगे। इस कार्यालय में अयोध्या धाम क्षेत्र के नागरिकों को नगर निगम से जुड़ी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि इसके बाद अधिकारियों ने ऋषिदेव जैन मंदिर और मनीरामदास की छावनी का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। महापौर ने दोनों भवनों को विशेष रूप से सजाने-संवारने के निर्देश दिए हैं। नगर आयुक्त ने कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, सफाई, चूना-ब्लीचिंग का छिड़काव, एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और फॉगिंग के व्यापक इंतजाम करने को कहा।

डस्ट नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव भी कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री इस दौरे में अयोध्या की कई अन्य विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, मुख्य महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह एवं सहायक अभियंता राजपति यादव आदि मौजूद रहे।

वहीं, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में बुधवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा गौरव ग्रोवर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने सबसे पहले प्रस्तावित हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके बाद मां कामाख्या देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

सभा स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।विधायक रामचंद्र यादव ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करते हुए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग को मार्ग पर नीचे लटक रहे तारों को तत्काल ऊंचा कराने तथा वन विभाग को सड़क किनारे झुकी पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया गया।अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन मार्ग का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान निर्णय लिया गया कि मुख्यमंत्री मुख्य मार्ग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, जिला मंत्री तेज तिवारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *