कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी का 20 मई को अमेठी का एकदिवसीय दौरा प्रस्तावित है। उनके संभावित दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारी कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए हैं और कार्यकर्ता सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी जिले में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

माना जा रहा है कि वह संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर सकते हैं। राहुल गांधी का अमेठी से पुराना राजनीतिक संबंध रहा है, इसलिए उनके दौरे को कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र के निधन पर उनके घर भी जा सकते हैं। वहां वह परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इस संभावित कार्यक्रम को लेकर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि अभी तक राहुल गांधी के दौरे का विस्तृत और आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।

माना जा रहा है कि इस सम्मेलन के माध्यम से राहुल गांधी 2027 के विधानसभा चुनाव और भविष्य की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश देंगे। अमेठी में उनके दौरे से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 2019 में अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी का चौथा अमेठी दौरा होगा। इससे पहले वे तीन बार अमेठी आ चुके हैं। करीब एक साल बाद हो रहे इस बड़े सम्मेलन को लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *