मुख्य अतिथि डॉ. मनीषा ध्यानी एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. संजेनबम एमोन चानू ने विद्यार्थियों को सेवा, संवेदनशीलता और पेशेवर नैतिकता का संदेश दिया

रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण स्वामी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अंतरराष्ट्रीय नर्सेस डे के अवसर पर नर्सेस डे एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्राध्यापकों एवं बड़ी संख्या में नर्सिंग विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

समारोह का उद्देश्य नर्सिंग पेशे में कार्यरत कर्मियों के योगदान को सम्मान देना तथा विद्यार्थियों को सेवा, समर्पण और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नर्सिंग पेशे में अनुशासन, मानवता, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम में कुलपति डॉ. देश दीपक, डायरेक्टर जनरल मेजर जनरल डॉ. जी. के. थपलियाल एवं रजिस्ट्रार श्री खालिद हसन की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी संबोधन ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।

मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार एवं स्टेट कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य डॉ. मनीषा ध्यानी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नर्सिंग पेशे के मूल्यों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निभाने का संदेश दिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं में प्रशिक्षित नर्सों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, देहरादून के हिमालयन कॉलेज ऑफ नर्सिंग की चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. संजेनबम एमोन चानू ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्थान द्वारा नर्सिंग शिक्षा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नर्सिंग विद्यार्थियों ने मानव सेवा, नैतिकता एवं पेशेवर जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ ली। यह अवसर विद्यार्थियों के सेवा भाव एवं पेशे के प्रति समर्पण का प्रतीक बना।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिससे कार्यक्रम और अधिक आकर्षक एवं स्मरणीय बन गया। अंत में कॉलेज प्रबंधन एवं प्राध्यापकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *