अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस से हटने के बाद इसको लेकर हर पल सस्पेंस गहराता जा रहा है। अब इस पद के लिए जी-23 वाले मुकुल वासनिक की एंट्री हो चुकी है। इससे पहले दिग्विजय सिंह दिल्ली पहुंचकर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर्चा भरने का ऐलान कर चुके हैं। बता दें कि मुकुल वासनिक लंबे समय से कांग्रेस में हैं और गांधी परिवार के करीबियों में शुमार हैं।
मनाने के प्रयास जारी
सूत्रों का कहना है कि मुकुल वासनिक कांग्रेस पार्टी की तरफ से ऑफिशियल उम्मीदवार हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इसको लेकर मुकुल वासनिक को मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि मुकुल वासनिक उन 23 कांग्रेसी नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने में पार्टी के अंदर बदलाव की बात करते हुए दो साल पहले सोनिया गांधी को पत्र लिखा था।
लो प्रोफाइल होना वासनिक का प्लस प्वॉइंट
बता दें कि इससे पहले अशोक गहलोत के हटने के बाद शशि थरूर और दिग्विजय सिंह का नाम अध्यक्ष पद के लिए रेस में रह गया था। ऐसे में अगर वासनिक की एंट्री होती है तो यह मुकाबला त्रिकोणीय होने के साथ-साथ दिलचस्प भी हो जाएगा। बता दें कि थरूर और दिग्विजय की तुलना में वासनिक काफी लो प्रोफाइल रखते हैं। बताया जाता है कि यही बात उनके फेवर में जाती दिख रही है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के कई केंद्रीय नेता दिग्विजय सिंह के विवादास्पद इमेज को लेकर सहज नहीं हैं।
