डॉ. लोकेश त्यागी एवं डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने जनजागरण कार्यक्रम में रखे विचार, स्वास्थ्य एवं सेवा कार्यों की दी विस्तृत जानकारी
चकराता, देहरादून
अमर शहीद वीर केसरी चंद की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके जन्मस्थल चकराता क्षेत्र के क्यावा गांव स्थित रामताल गार्डन में श्रद्धांजलि सभा एवं जनजागरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति एवं सम्मान की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
कार्यक्रम में रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून के फार्मेसी कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. लोकेश त्यागी तथा सुभारती अस्पताल, देहरादून के हेड ऑफ मार्केटिंग, पब्लिसिटी और पब्लिक रिलेशनशिप डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। दोनों अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीर केसरी चंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने शहीद के अदम्य साहस, देशभक्ति एवं सर्वोच्च बलिदान को भावपूर्ण शब्दों में नमन करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में डॉ. लोकेश त्यागी ने वीर केसरी चंद के अद्वितीय साहस और देशभक्ति को स्मरण करते हुए कहा कि वे जंग-ए-आजादी के ऐसे वीर सिपाही एवं आज़ाद हिंद फौज के सेनानी थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत से संघर्ष करते हुए फांसी का फंदा चूम लिया। उन्होंने उन्हें पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ऐसे बलिदानियों के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले पा रहे हैं।

डॉ. त्यागी ने यह भी जानकारी दी कि रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून में संचालित फार्मेसी कॉलेज का नाम वीर केसरी चंद की पावन स्मृति को समर्पित है, जो उनके त्याग और बलिदान को सदैव जीवंत बनाए रखने का एक सशक्त प्रयास है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर ने सुभारती अस्पताल एवं विश्वविद्यालय द्वारा जनहित में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक पहलों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सुभारती समूह का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सुभारती अस्पताल निरंतर जनसेवा के लिए समर्पित है और समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण के प्रेरणादायक व्यक्तित्व, दूरदर्शी नेतृत्व एवं शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान की सराहना की गई। यह भी बताया गया कि उनके मार्गदर्शन में सुभारती समूह निरंतर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है तथा सेवा, शिक्षा और संस्कार के मूल्यों को आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सुभारती अस्पताल द्वारा क्षेत्र में शीघ्र ही दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की घोषणा की गई। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि समिति द्वारा संदर्भित मरीजों को सुभारती अस्पताल में रियायती दरों पर उपचार सुविधा प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के संकल्प और शहीदों के प्रति श्रद्धा के भाव के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह ने वीर केसरी चंद के आदर्शों पर चलने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।
