भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने काइल जैमीसन के खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए सजा सुनाई है। शुक्रवार, 1 मई को राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हुए आईपीएल मुकाबले के दौरान जब न्यूजीलैंड के काइल जैमीसन ने एक चौका खाने के बाद राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को बोल्ड किया था तो उन्होंने इसका जश्न आक्रामक रूप से अपनाया था, वह वैभव सूर्यवंशी के मुंह के सामने चिल्लाते हुए नजर आए थे। जैमीसन की इस हरकत की वजह से सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई। अब बीसीसीआई ने काइल जैमीसन के खिलाफ एक्शन लिया है।
IPL की रिलीज के अनुसार, ‘दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज काइल जैमीसन को एक डिमेरिट प्वाइंट मिला है और उन्हें राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर में मैच नंबर 43 के दौरान खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने पर चेतावनी मिली है।
जैमीसन को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन करते पाया गया, जो “मैच में किसी अन्य खिलाड़ी की अपमानजनक भाषा, कार्यों या इशारों का उपयोग करने या आक्रामक प्रतिक्रिया को भड़काने से संबंधित है।”
यह घटना पहली पारी के दूसरे ओवर में हुई, जब वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद, जैमीसन को आक्रामक तरीके से उनके करीब पाया गया, जिससे बल्लेबाज की आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती थी। जैमीसन ने अपराध स्वीकार कर लिया है।’
दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल (75 रन) और पाथुम निसांका (62 रन) के अर्धशतकों से मिली शानदार शुरूआत के दम पर शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में राजस्थान रॉयल्स को पांच गेंद रहते सात विकेट से शिकस्त दी। दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीन हार के बाद मिली इस जीत से आठ अंक लेकर तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई जबकि राजस्थान रॉयल्स 12 अंक से चौथे स्थान पर कायम है।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए राहुल (छह चौके, पांच छक्के) और निसांका (33 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) के बीच पहले विकेट के लिए 57 गेंद में 110 रन की भागीदारी के बाद नीतिश राणा ने 17 गेंद में 33 रन की पारी खेली। फिर ट्रिस्टन स्टब्स (11 गेंद में नाबाद 18 रन) और आशुतोष शर्मा (15 गेंद में नाबाद 25 रन) टीम को पांच गेंद रहते तीन विकेट पर 226 रन तक पहुंचाकर जीत दिलाई।
दिल्ली कैपिटल्स का यह अपने आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा सफल ‘चेज’ रहा।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान रियान पराग (90 रन) के अर्धशतक और अंत में डोनोवन फरेरा (14 गेंद में नाबाद 47 रन) की ताबड़तोड़ पारी की बदौलत छह विकेट पर 225 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। लेकिन राहुल और निसांका के अर्धशतक पराग की शानदार पारी पर भारी पड़े।
