सोना हमेशा से भारतीय निवेशकों की पहली पसंद रहा है, लेकिन अब फिजिकल गोल्ड के बजाय डिजिटल और सुरक्षित विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। ऐसा ही एक शानदार उदाहरण सोवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond -SGB) का है, जिसने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न देकर चौंका दिया है। हाल ही में RBI (Reserve Bank of India) ने SGB 2019-20 सीरीज-VI के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्प्शन प्राइस घोषित किया है, जिसके तहत निवेशकों को करीब 295% तक का रिटर्न मिल रहा है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

अगर आसान भाषा में समझें, तो इस बॉन्ड को 30 अक्टूबर 2019 को करीब ₹3,785 प्रति ग्राम के इश्यू प्राइस पर लॉन्च किया गया था। अब 30 अप्रैल 2026 को इसका रिडेम्प्शन प्राइस ₹14,931 प्रति यूनिट तय किया गया है, यानी सिर्फ कीमत में अंतर से ही ₹11,000 से ज्यादा का फायदा मिल रहा है। अगर किसी निवेशक ने उस समय ₹1 लाख का निवेश किया होता, तो आज उसकी वैल्यू लगभग ₹3.95 लाख हो चुकी है। यह रिटर्न बिना ब्याज को जोड़े ही है, जबकि SGB पर हर साल 2.5% का अतिरिक्त फिक्स्ड ब्याज भी मिलता है, जो निवेशकों की कमाई को और बढ़ाता है।

SGB की खास बात यह है कि यह सोने में निवेश का एक सुरक्षित और झंझट-फ्री तरीका है। इसमें आपको न तो सोना रखने की चिंता होती है और न ही चोरी या शुद्धता का डर। RBI द्वारा जारी ये बॉन्ड सरकार की गारंटी के साथ आते हैं, इसलिए इसमें जोखिम भी काफी कम माना जाता है। इनका रिडेम्प्शन प्राइस इंडिया बुलियन एंड ज्वेलरी एसोसिशन (India Bullion and Jewellers Association – IBJA) द्वारा जारी 999 शुद्धता वाले सोने के औसत बाजार भाव के आधार पर तय किया जाता है।

निवेश की सीमा भी काफी लचीली है। कोई भी व्यक्ति कम से कम 1 ग्राम से निवेश शुरू कर सकता है, जबकि अधिकतम सीमा 4 किलो तक है। ट्रस्ट जैसी संस्थाओं के लिए यह सीमा 20 किलो तक जाती है। इसके अलावा निवेशकों को हर 6 महीने में ब्याज सीधे बैंक खाते में मिलता है, जिससे यह एक नियमित आय का भी अच्छा साधन बन जाता है।

SGB ने यह साबित कर दिया है कि सही समय पर किया गया निवेश कितना बड़ा फायदा दे सकता है। खासकर ऐसे समय में जब शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहता है, सोने जैसे सुरक्षित निवेश विकल्प निवेशकों को स्थिरता और शानदार रिटर्न दोनों देने की क्षमता रखते हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *