शनिवार 25 अप्रैल को जिस टीम ने टी20 मैच में 264 रनों का विशाल स्कोर बनाया, वही टीम सोमवार 27 अप्रैल को 75 रनों पर ढेर हो गई। ये टीम कोई और नहीं, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स है। हैरानी की बात ये भी रही कि दोनों मैचों में टीम को हार मिली। इस हार के साथ-साथ एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज हो गया। दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने सबसे कम स्कोर 6 ओवर के पावरप्ले में बनाया है और सबसे ज्यादा विकेट भी गंवाए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी के खिलाफ 75 रनों पर ढेर हो गई। आपको जानकर हैरानी होगी कि पावरप्ले में दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 13/6 था। आईपीएल के इतिहास में इससे शर्मनाक पावरप्ले का स्कोर आपने पहले नहीं देखा होगा। यहां तक कि आधे से ज्यादा विकेट भी पावरप्ले के भीतर ही दिल्ली कैपिटल्स ने खो दिए। यह वही टीम है, जिसने दो दिन पहले पावरप्ले में जमकर रन कूटे थे।

आईपीएल के इतिहास का अब तक का सबसे शर्मनाक स्कोर पावरप्ले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के नाम दर्ज था। राजस्थान रॉयल्स 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 14 रन पहले 6 ओवर में 2 विकेट खोकर बना सकी थी। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 2022 में पावरप्ले में 14 रन 3 विकेट खोकर बनाए थे। इन दोनों टीमों से भी दिल्ली कैपिटल्स कई कदम आगे निकल गई, जो 6 ओवर में 13 रन बना सकी और 6 विकेट भी गंवा दिए।

13/6 – दिल्ली कैपिटल्स वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2026)*

14/2 – राजस्थान रॉयल्स वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2009)

14/3 – सनराइजर्स हैदराबाद वर्सेस राजस्थान रॉयल्स (2022)

मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। कप्तान के फैसले पर गेंदबाज सही उतरे। दिल्ली को पहला झटका पहले ओवर की दूसरी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने दिया। अगले ओवर में केएल राहुल आउट हो गए। इसी ओवर की अगली गेंद पर समीर रिज्वी चलते बने। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स भी आउट हो गए। इसी ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर पटेल भी आउट हो गए। चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर नितीश राणा आउट हुए। इस तरह 8 रन के भीतर ही 6 विकेट डीसी ने खो दिए थे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *