अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी से छोड़कर भाजपा जॉइन करने वाले 7 राज्यसभा सांसदों ने पंजाब चुनाव से पहले बड़ा झटका दिया है। ये सभी सांसद पंजाब के हैं और अब सूबे से सिर्फ बलबीर सिंह सीचेवाल ही ऐसे राज्यसभा हैं, जो आम आदमी पार्टी में बचे हैं। इस बीच तमाम दावे किए जा रहे हैं, लेकिन AAP छोड़ने वाले सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की उनसे मुलाकात हुई थी। उन्होंने कहा कि खुद अरविंद केजरीवाल ने ही मुझे 22 अप्रैल को मिलने के लिए बुलाया था। इस मीटिंग में उन्होंने पूछा था कि क्या मुझ पर कोई दबाव है या अन्य कोई परेशानी है। इस पर मैंने कहा कि ऐसा कोई दबाव नहीं है।
विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि इसके बाद केजरीवाल ने मुझसे कहा कि आपको राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा देने पर विचार करना चाहिए। इस पर मैंने कहा था कि इस संबंध में विचार करूंगा। हमारी इतनी ही बात हुई थी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को मेरी और केजरीवाल की फिर से मुलाकात होने वाली थी, लेकिन तब तक राघव चड्ढा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। विक्रमजीत सिंह साहनी 2022 में AAP से सांसद बने थे, लेकिन वह बीते कई सालों से पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा की तारीफ करते रहे हैं। इसके चलते पहले से ही उनके और आम आदमी पार्टी के रिश्तों पर संदेह किया जा रहा था।
उन्होंने खुद के ‘आप’ छोड़कर भाजपा में जाने का बैकग्राउंड भी बताया। साहनी ने कहा कि पहले शख्स राघव चड्ढा ही थे, जिन्होंने मेरे सामने पार्टी ही छोड़ना का प्रस्ताव रखा और मैं इस पर राजी हो गया। मैंने कहा कि मेरे तो कांग्रेस और भाजपा से पहले ही रिश्ते रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने मुझे कहा था कि मैं पंजाब के मुद्दों को संसद में उठाऊं और मैं इसके लिए तैयार हुआ था। मैं कभी भी औपचारिक तौर पर AAP का सदस्य नहीं बना था। इसके अलावा मैं पहले ही बता चुका था कि मेरा समाजसेवा का काम है और मैंने केंद्र सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ स्कीम को बहुत सपोर्ट किया है। मैंने इसकी जानकारी अरविंद केजरीवाल को दी थी और उनका कहना था कि हमें इससे कोई आपत्ति नहीं है।
साहनी ने कहा कि चड्ढा के कारण ही मैं राज्यसभा भी गया था। दावोस में हुई वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम में 2022 में राघव चड्ढा की मुझसे मुलाकात हुई थी। उनका कहना था कि अरविंद केजरीवाल कुछ विश्वसनीय लोगों को राज्यसभा भेजना चाहते हैं। इसके लिए पार्टी की कोई बंदिश नहीं है यानी बाहर के लोग भी जा सकते हैं। इस पर मैं केजरीवाल से मिला और उन्होंने मेरी तारीफ की। फिर उनकी ओर से ट्वीट हुआ कि दो पद्मश्री सम्मानित लोग बलबीर सिंह सीचेवाल औ मुझे राज्यसभा भेजा जा रहा है।
