IPL 2026 का आधा सफर समाप्त हो गया है। लीग स्टेज में कुल 70 मुकाबले खेले जाने हैं, जिसमें से 36 मैच शनिवार, 25 अप्रैल तक खेले जा चुके हैं। शनिवार का दिन आईपीएल फैंस के लिए काफी यादगार रहा। DC vs PBKS मुकाबले में फैंस को आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी रनचेज देखने को मिली, वहीं दूसरे मुकाबले में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों पर तूफानी शतक जड़ा, जिस पर सनराइजर्स हैदराबाद ने पानी फेरा। हैदराबाद ने राजस्थान के खिलाफ 229 रनों का टारगेट चेज कर आईपीएल की पांचवीं सबसे बड़ी जीत दर्ज की। DC vs PBKS और RR vs SRH मैच में कुल 986 रन बने, जो आईपीएल में एक दिन में बने सबसे ज्यादा रन है। इस ऐतिहासिक दिन के बाद आईपीएल 2026 प्लेऑफ की रेस और भी रोमांचक हो गई है।
IPL इतिहास की सबसे बड़ी रनचेज को अंजाम देने वाली पंजाब किंग्स की टीम विजय रथ पर सवार है। पंजाब आईपीएल 2026 की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने अभी तक हार का मुंह नहीं देखा है। PBKS ने अभी तक खेले 7 में से 6 मैच जीते हैं, वहीं उनका एक मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश की भेंट चढ़ा था। पंजाब के खाते में अब कुल 13 अंक है, उन्हें प्लेऑफ में पहुंचने के लिए ज्यादा पसीना बहाने की जरूरत नहीं है। अगले 2-3 मैचों में ही उन्हें नॉकआउट राउंड का टिकट मिल जाएगा।
पंजाब किंग्स के साथ आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल के टॉप-4 में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीमें हैं। आरआर और एसआरएच 8-8 मुकाबले खेल चुकी है, जबकि आरसीबी ने अभी तक 7 ही मैच खेले हैं। हालांकि इन तीनों टीमों के बराबर 10-10 अंक है। प्लेऑफ की रेस में फिलहाल यहीं टीमें आगे नजर आ रही है।
5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स पॉइंट्स टेबल में 5वें, दिल्ली कैपिटल्स 6ठे और गुजरात टाइटंस 7वें पायदान पर है। इन तीनों टीमों के खाते में 7-7 मैचों के बाद 6-6 अंक है। इन टीमों को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए काफी मेहनत करनी होगी। प्लेऑफ के लिए कम से कम 16 अंकों की जरूरत होगी। ऐसे में चेन्नई, दिल्ली और गुजरात को बचे 7 में से 5 मैच जीतने होंगे, जो उनके परफॉर्मेंस को देखते हुए आसान काम नहीं लग रहा है।
मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जाएंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आईपीएल 2026 से बाहर होने की कगार पर खड़ी है। मुंबई और लखनऊ के 7 मैचों के बाद 4-4 अंक है, वहीं कोलकाता अभी तक इतने ही मैचों में 1 जीत दर्ज कर पाई है। टूर्नामेंट में वापसी करने के लिए इन तीनों टीमों को किसी चमत्कार की दरकार है।
