राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की बुधवार को आईपीएल 2026 के 32वें मैच में भिड़ंत हुई। आरआर ने लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में एलएसजी को 40 रनों से धूल चटाई। एलएसजी 160 रनों का टारगेट चेज नहीं कर सकी और सीजन में लगातार चौथी हार का सामना किया। राजस्थान के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप की रेस में विराट कोहली को एक स्थान धकेल दिया है। वह आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। सूर्यवंशी सात मैचों में 36.28 के औसत से 254 रन बटोर चुके हैं। हालांकि, 15 वर्षीय ओपनर का लखनऊ के खिलाफ बल्ला नहीं चला। उन्होंने 11 गेंदों में दो चौकों की मदद से आठ रन बनाए।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज कोहली पांचवें पायदान पर हैं। उन्होंने छह मैचों में 267 रन बनाए हैं, जिसमें 49.40 का औसत रहा। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार (6 मैचों में 230 रन) आठवें स्थान पर हैं। सूर्यवंशी के सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल ने तीन स्थान की छलांग लगाई है। वह अब छठे नंबर पर आ गए हैं। उनके खाते में सात मुकाबलों में 49.00 के औसत से 245 रन हैं। यशस्वी ने एलएसजी के विरुद्ध 12 गेंदों में 22 रन जुटाए। उनके बल्ले से चार चौके निकले। फिलहाल, ऑरेंज कैप अभिषेक शर्मा के सिर सजी है। सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के ओपनर अभिषेक ने सात मुकाबलों में 323 रन बनाए हैं। उनका औसत 53.83 का है। एसआरएच के हेनरिक क्लासेन (7 मैचों में 320 रन) दूसरे पायदान पर हैं।

रवींद्र जडेजा के हरफनमौला खेल और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से राजस्थान ने लखनऊ को करारी शिकस्त दी। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जडेजा ने 29 गेंद में नाबाद 49 रन की पारी खेलने के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 29 रन देकर एक विकेट लिया। राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट पर 159 रन का औसत स्कोर खड़ा करने के बावजूद सुपर जायंट्स को 18 ओवर में महज 119 रन पर ढेर कर दिया। जोफ्रा आर्चर (20 रन पर तीन विकेट) और नांद्रे बर्गर (27 रन पर दो विकेट) ने सुपर जायंट्स के शीर्ष क्रम को झकझोरा, तो वहीं बृजेश शर्मा (18 रन पर दो विकेट), जडेजा और रवि बिश्नोई (23 रन पर एक विकेट) ने मध्य और निचले क्रम को क्रीज पर जमने का मौका नहीं दिया। एलएसजी के लिए मिचेल मार्श ने 41 गेंदों में सबसे ज्यादा 55 रन का योगदान दिया। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से किसी और का साथ नहीं मिला। उनके अलावा निकोलस पूरन (22) और हिम्मत सिंह (15) ही दोहरे अंक में रन बना सके।

इससे पहले जडेजा के अलावा यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, शिमरॉन हेटमायर (22) और डोनोवन फरेरा (20) को भी अच्छी शुरुआत मिली लेकिन कोई भी बड़ा स्कोर नहीं बना सका। यह लगातार तीसरा मैच है जब राजस्थान का शीर्षक्रम पूरी तरह विफल रहा। अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद शमी (चार ओवर में 30 रन पर दो विकेट) एक बार फिर अपने कौशल के बूते सबसे अलग नजर आए जबकि लंबे कद के मोहसिन खान (चार ओवर में 17 रन पर दो विकेट) बेहद अनुशासित रहे। दोनों गेंदबाजों ने मिलकर राजस्थान के चार प्रमुख बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। शमी ने जायसवाल और ध्रुव जुरेल (शून्य) को लगातार गेंदों पर आउट किया जबकि मोहसिन ने वैभव सूर्यवंशी और हेटमायर को आउट किया। तेजी से उभरते प्रिंस यादव (चार ओवर में 29 रन पर दो विकेट) ने भी अपनी स्विंग गेंदों से आक्रमण को मजबूती दी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *