रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय देहरादून में सुभारती दिवस को अत्यंत उत्साह, देशभक्ति एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। फाइन आर्ट्स एवं फैशन डिजाइन संकाय द्वारा ललितादित्य प्रेक्षागृह, लोकप्रिय अस्पताल में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी मेजर जनरल पी. एस. राणा (सेवानिवृत्त) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ उनके करकमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पांजलि एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। इस अवसर पर उनका सम्मान प्रो वाइस चांसलर डॉ. देश दीपक एवं डॉ. जीवन आशा (निदेशक, लोकप्रिय अस्पताल एवं बीहाइव कॉलेज) द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।

मुख्य अतिथि मेजर जनरल पी. एस. राणा (सेवानिवृत्त) ने अपने ओजस्वी एवं प्रेरणादायक संबोधन में डॉ अतुल कृष्ण जी द्वारा संचालित राष्ट्रबोध कार्यक्रम की वर्तमान युग में सार्थकता पर बल देकर युवाओं को राष्ट्र की शक्ति बताते हुए कहा कि “देश की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति युवाओं के कंधों पर निर्भर करती है।” उन्होंने छात्रों को अनुशासन, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया तथा अपने सैन्य अनुभवों के माध्यम से सच्ची देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बीएफए प्रथम वर्ष की छात्रा स्नेहा द्वारा शहीदों के बलिदान पर प्रस्तुत भावपूर्ण भाषण ने सभी को भावुक कर दिया। इसके पश्चात बीएफए चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ने सभागार में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल बना दिया।
प्रति कुलपति डॉ. देश दीपक जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “देशभक्ति केवल एक भावना नहीं, बल्कि एक सतत जिम्मेदारी है, जिसे प्रत्येक नागरिक को अपने आचरण और कर्तव्यों के माध्यम से निभाना चाहिए।” उन्होंने अध्यक्ष सुभारती समूह डॉ अतुल कृष्ण जी के विजन को साझा करते हुए कहा कि सुभारती छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश देता है तथा प्रति माह सुभारती दिवस का आयोजन चरित्र निर्माण से राष्ट्र निर्माण की ओर बढ़ने का प्रयास है ।
सुभारती दिवस के अंतर्गत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों की रचनात्मकता, ज्ञान और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के दौरान विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को अंतिम चरण की ओर ले जाते हुए सदस्य संस्कृति विभाग श्री रमन कृष्ण किमोठी जी ने धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए , सुभारती राष्ट्रबोध परंपरा के अनुरूप आजाद हिंद गान के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की ।
इस अवसर पर सचिव, संस्कृति विभाग श्री विनय सेमवाल जी, संकायाध्यक्ष ललित कला डॉ. रीता तिवारी, विभागाध्यक्ष ललित कला संकाय श्री संतोष साहनी, डीन एकेडमिक्स प्रो. मनमोहन गुप्ता जी, ज्वाइंट डायरेक्टर रिसर्च डॉ. संदीप ध्यानी, डीन आर्ट्स एंड सोशल साइंस डॉ. इमरान खान, डीन नेचुरोपैथी डॉ. नरेंद्र जी, रिसर्च कॉर्डिनेटर श्री गीताराम चतुर्वेदी जी, एनएसएस इंचार्ज प्रदीप महारा जी सहित ललित कला विभाग के समस्त प्राध्यापकगण एवं विभिन्न विभागों के प्राध्यापक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस प्रकार सुभारती दिवस का यह आयोजन देशभक्ति, सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सफल रहा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
