धुरंधर 2 रिलीज होने में कुछ ही वक्त रह गया है। लोग अभी भी पहले पार्ट के चर्चे कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल है जिसमें एक दर्शक ने वो मॉल पहचान लिया है जिसमें यालिना जमाली हमजा के साथ घूमने जाती है। यह मॉल गहरा हुआ गाने में दिखाया जाता है। उस यूजर ने कई और फिल्मों की असली लोकेशंस भी लिखी हैं। हालांकि इस पोस्ट में कई लोग डायरेक्टर आदित्य धर को डिफेंड कर रहे हैं।

धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को रिलीज हो रही है। अब एक धुरंधर के फैन का ट्वीट चर्चा में है। शिवम वहिया नाम के एक शख्स ने लिखा है, ‘मैंने धुरंधऱ कई बार देखी है और एक चीज से मन खराब हो गया, आदित्य धर ने इसकी ठीक से डिटेलिंग क्यों नहीं की- रणवीर और सारा मॉल में शॉपिंग करने जाते हैं… ये मलाड का इनऑर्बिट है ब्रो।’ जब आप पूरी तरह से मूवी/सीरीज की स्टोरीलाइन में हों और शूट लोकेशन आपका लोकल एरिया निकल आए तो एकदम से मूड खराब हो जाता है। सीधा कराची से मलाड टपकाया। इसी तरह ‘रेलवे मैन’ योगी नगर, बोरीवली में शूट हुई थी। स्टेशन और ट्रेन ये सब पास के स्टूडियो का हिस्सा हैं। फैमिली मैन सीजन 3 में श्रीकांत जिस हॉस्पिटल में ऐडमिट था, वो भी बोरिवली का करुण हॉस्पिटल है।
इस यूजर के पोस्ट पर कई मजेदार कमेंट्स दिख रहे हैं। लोगों ने आदित्य धर को डिफेंड किया है। एक ने लिखा है, ब्रो तुम्हें ये जानकर झटका लगेगा कि जुरासिक पार्क असली डायनासोर्स के साथ शूट नहीं हुई थी। एक ने लिखा है कि तुम्हें जाना पहचाना लग रहा है, ये फीलिंग तुम हैंडल करो आदित्य धर नहीं करेंगे। इंसान अपने प्रोडक्शन बजट के हिसाब से शूट करता है। सोचो कोई भुज का बोले, इयू लगान में और डिटेलिंग होनी चाहिए थी, मैं कहूं ये तो चंपानेर नहीं मेरे पास का इलाका है। एक ने लिखा है, लोग मलाड के बाहर भी रहते हैं और उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। एक यूजर ने लिखा है, जब मैं पहली बार फिल्म देख रहा था तो मुझे पता था कि ये इनऑर्बिट मॉल है क्योंकि मैं इसी में फिल्म देख रहा था।
धुरंधर फिल्म के मॉल वाले सीन पहले भी वायरल हुए थे। रेडिट यूजर ने लिखा था कि पाकिस्तान में नटराज, बुद्ध वगैरह की प्रतिमाएं कैसे रखी हैं। बता दें कि प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस जोरही पहले भी बता चुके हैं कि ल्यारी के लिए थाइलैंड में 6 एकड़ का सेट लगाया गया था।
