उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बयान व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम ने एक मजहबी जलसे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता के संबंध में अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोप है कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में लागू गौकशी से जुड़े कानून के खिलाफ भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भड़काने वाली बातें कही थीं।
तहरीर में कहा गया है कि इस प्रकार की अमर्यादित भाषा और बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ हिंदू समाज में भी भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कृत्य बताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अनुरोध किया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पूरा नाम अब्दुल्ला सलीम कमर चतुर्वेदी कासमी है। वह एक इस्लामी वक्ता हैं और बिहार की राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने Darul Uloom Deoband से इस्लामी शिक्षा प्राप्त की है और संस्कृत व्याकरण का भी अध्ययन किया है। अपनी प्रभावशाली तकरीरों के लिए पहचाने जाने वाले सलीम अक्सर अपने भाषणों में कुरान के साथ गीता और रामायण का भी उल्लेख करते हैं।
राजनीतिक रूप से वो पहले ओवैसी की पार्टी AIMIM से जुड़े रहे। वर्ष 2025 में जोकीहाट विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़ गए थे, हालांकि उनका नामांकन पत्र निर्वाचन आयोग ने खारिज कर दिया था।
इधर मुख्यमंत्री की मां के संबंध में कथित टिप्पणी के विरोध में हजरतगंज चौराहे पर युवाओं ने मौलाना अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका और जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व छात्र नेता और अधिवक्ता अनुराग तिवारी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी मौलाना की जल्द गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि चार दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
