बिहार में इस बार राज्यसभा चुनाव बेहद ही दिलचस्प होने जा रहा है। यूं तो चार सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत तय मानी जा रही है लेकिन एक सीट पर जबरदस्त फाइट हो सकती है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ऐलान कर दिया है कि इस चुनाव में महागठबंधन अपना प्रत्याशी उतारेगा। इस बीच एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने कहा कि हमने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से आग्रह किया है कि राज्यसभा चुनाव में हमारी पार्टी को आप समर्थन दें। हमारी पार्टी का कोई नेता राज्यसभा में नहीं है। अख्तरुल ईमान शुक्रवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बात कर रहे थे।

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्यसभा चुनाव में जीत का दावा किया है। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि हमारे पास पर्याप्त संख्या बल है। मजबूती से चुनाव जीतने जा रहे हैं। उम्मीदवारों के चयन पर तेजस्वी ने कहा कि राजद की ओर से प्रत्याशियों के नामों पर विचार चल रहा है। उनकी इस घोषणा के बाद राज्यसभा की पांचवीं सीट के लिए मुकाबला रोचक बनता दिख रहा है। उधर, तेजस्वी की एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरूल ईमान से भी मुलाकात हुई है।

दोनों नेताओं ने गोपनीय तरीके से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार देने के मसले पर दोनों के बीच बातचीत हुई है। तेजस्वी ने कहा कि कहा कि उम्मीदवार कुछ ही दिनों में तय कर दिए जाएंगे कि कौन-कौन होंगे। पार्टी वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर नामों पर मुहर लगाएगी। संख्या बल की कमी को तेजस्वी ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि महागठबंधन के पास सदन में अपनी सीटों को सुरक्षित करने के लिए जरूरी आंकड़े मौजूद हैं।

बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव होंगे। इनमें से बीजेपी और जेडीयू की 2-2 सीटें पक्की मानी जा रही हैं। पांचवीं सीट जीतने के लिए संख्या बल के हिसाब से महागठबंधन को 6 और एनडीए को तीन विधायकों की जरुरत पड़ेगी। लिहाजा इस गणित में एआईएमआईएम के पांच और बीएसपी के एक विधायक किंग मेकर माने जा रहे हैं। बता दें कि राज्यसभा की पांच सीटों पर नामांकन शुरू हो चुका है। यह प्रक्रिया 5 मार्च तक चलेगी। 16 मार्च को वोटों की गिनती होगी और इसी दिन परिणाम भी जारी किए जाएंगे। इधर एनडीए खेमे में भी राज्यसभा चुनाव को लेकर मंथन जारी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *