ऑस्ट्रेलिया की टीम आईसीसी इवेंट्स की सबसे सफल टीम है। सिर्फ मेंस क्रिकेट की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के पास हर वो आईसीसी ट्रॉफी है, जो अन्य किसी टीम के पास नहीं है। आईसीसी वनडे विश्व कप, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी, आईसीसी टी20 विश्व कप और आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मेस उनके पास है। सबसे ज्यादा आईसीसी टूर्नामेंट इसी टीम ने जीते हैं। सबसे ज्यादा आईसीसी मुकाबले इस टीम ने जीते हैं, लेकिन T20 World Cup 2026 के ग्रुप स्टेज से ही ऑस्ट्रेलिया की टीम बाहर हो गई।
हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं थी, जब आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम को ग्रुप स्टेज से बाहर होना पड़ा हो। तीन बार वनडे विश्व कप, दो बार चैंपियंस ट्रॉफी और दो ही बार टीम टी20 विश्व कप के ग्रुप स्टेज से आगे नहीं जा सकी। इसकी शुरुआत 1979 से हुई थी, जब दूसरे वनडे विश्व कप में टीम ग्रुप फेज से आगे नहीं जा सकी थी। 1983 में भी टीम का यही हाल रहा था और 1992 में भी टीम ग्रुप फेज से आगे नहीं गई थी।
हालांकि, एक मुकाबला आज यानी 20 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया को लीग फेज का खेलना है, लेकिन उसके नतीजे का फर्क ग्रुप बी की पॉइंट्स टेबल में टॉप 2 टीमों पर नहीं पड़ेगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत भी जाएगी तो चार मैचों में दो जीत के साथ ज्यादा से ज्यादा तीसरे स्थान पर अपने अभियान को समाप्त करेगी।
T20 World Cup 2026 की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप बी में थी, जिसमें श्रीलंका, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान की टीम थी। ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को जरूर हराया, लेकिन अगले मैच में जिम्बाब्वे से टीम को हार मिली और फिर श्रीलंका ने भी ऑस्ट्रेलिया को पछाड़ दिया। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की टीम का सफर समाप्त लग रहा था, क्योंकि चार अंकों वाली टीमें इस बार क्वालीफाई करने वाली नहीं थीं। उधर, जैसे ही जिम्बाब्वे वर्सेस आयरलैंड मैच बारिश की भेंट चढ़ा तो इस ग्रुप से श्रीलंका और जिम्बाब्वे ने सुपर 8 में जगह बना ली।
