समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार भाजपा पर बड़ा हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि अगर भाजपा को मजबूत होने दिया गया तो लोगों का वोट देने का अधिकार भी छीना जा सकता है। अखिलेश ने उदाहरण देते हुए कहा कि भारत के आसपास देख लीजिये। कुछ देश ऐसे हैं जहां पर वोट नहीं पड़ता। सरकार स्थायी है। कुछ जगहों पर फौज देश के लोकतंत्र को चला रही है। पड़ोसी देश चीन में कोई चुनाव होता है क्या? रूस में कोई चुनाव होता है क्या? पाकिस्तान में फौज जिसे चाहती है उसे बैठा देती है। म्यामांर और उसके आसपास के देशों में क्या कोई चुनाव होता है? इसलिए सावधान रहिए। अगस्त क्रांति दिवस पर झौवा गांव में एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश मीडिया से बात कर रहे थे।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़ी जातियों और दलितों का वोट लेती है लेकिन उन्हें उनका हक नहीं देती है। उऩ्होंने कहा कि आपका रोजगार छीना जा रहा है और संविधान पर भी हमला किया जा रहा है। अगर ये लोग अधिक शक्तिशाली हो जाते हैं, तो आप अपना वोट देने का अधिकार भी खो सकते हैं। आपको इसे मजाक के रूप में नहीं लेना चाहिए।केंद्र में वर्तमान शासन को उद्योगपतियों की सरकार बताते हुए अखिलेश ने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी भारत में व्यापार करने के लिए आई थी, लेकिन बाद में अंग्रेजों ने एक कानून पारित किया। इस कंपनी को सरकार बना दिया। उन्होंने कहा कि आज भारत की संपत्ति भाजपा के लोग बेच रहे हैं। उन्होंने पूरे देश को उद्योगपतियों को दे दिया है। अगर ये लोग कुछ और दिन रहे तो हम और आपको गुलाम बना दिया जाएगा।
2022-08-09 17:25:10Screenshot_2
