समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को तबाह करने पर तुले हैं। प्रदेश में गोमती नदी समेत अन्य नदियों की दुर्दशा के लिए वे खुद जिम्मेदार हैं। भाजपा समाज में नफरत फैलाती है, विघटन पैदा करती है। भाजपा से सभी लोगों को सावधान रहना है। भाजपा बहुत बड़ी जातिवादी पार्टी है। अखिलेश ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं व नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों से प्रशासन की सांठ-गांठ है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा सब कुछ बर्बाद है। भाजपा सरकार में जातीय उत्पीड़न और भेदभाव चरम पर है। इस सरकार ने नदियों की सफाई के लिए कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार में गोमती नदी पर सबसे सुंदर रिवर फ्रंट बनाया। गोमती नदी की सफाई की व्यवस्था की गई, लेकिन भाजपा सरकार ने सब खराब कर दिया है। मुख्यमंत्री गोमती नदी की सफाई को लेकर ढोंग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराध और दलित उत्पीड़न सबसे ज्यादा हो रहे हैं।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार तमाम फर्जी एनकाउंटर कर रही है, लेकिन कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। कानून-व्यवस्था में सुधार एनकाउंटर करने से नहीं फील्ड में अच्छे अधिकारियों की तैनाती से होता है। सरकार जब जातीय आधार पर अपने सजातीय लोगों की तैनाती करेगी, तो कानून-व्यवस्था कैसे सुधारेगी? इस सरकार में महिलाएं बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में हर दिन बलात्कार, हत्या, लूट की घटनाएं हो रही है।
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार रहते किसी को न्याय नहीं मिल सकता। उत्तर प्रदेश के भविष्य के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। इस सरकार को हटाए बिना जनता का भला नहीं होने वाला है। भाजपा सरकार में गरीबों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों डॉक्टरों की बड़े पैमाने की कमी है। सरकारी अस्पतालों में गुणवक्ता पूर्ण इलाज और दवाएं नहीं मिल रही है। मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों में इलाज कराने पर मजबूर है। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक राम मूर्ति वर्मा, प्रदीप यादव, अताउर रहमान, अमिताभ बाजपेई, आनंद यादव आदि मौजूद रहे।
