विजडम इंडिया संवाददाता।
मॉरीशस के पवित्र गंगा तालाब स्थित मंगल महादेव मंदिर में आयोजित मां दुर्गा पूजन समारोह ने भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता को नया आयाम दिया। इस भक्तिमय आयोजन में उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले के देवापुर गांव से निकलकर ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के क्षेत्र में ख्याति प्राप्त आचार्य राकेश चतुर्वेदी ने विशेष सम्मान अर्जित किया। मॉरीशस के स्वास्थ्य मंत्री अनिल कुमार बैजू द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में आचार्य राकेश को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था, जो सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है।आयोजन के दौरान आचार्य राकेश चतुर्वेदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम और उनकी

धर्मपत्नी वीना रामगुलाम का तिलक कर उनका हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने दोनों को शुभ आशीर्वाद प्रदान करते हुए इस अवसर को और भी गरिमामय बनाया। भजन, मंत्रोच्चारण और आरती की मधुर ध्वनियों से सजा यह समारोह आध्यात्मिकता का अनुपम संगम बना। मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों ने भारत और मॉरीशस की साझा सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक का अनुभव किया।आचार्य राकेश चतुर्वेदी ने अपने उद्बोधन में कहा, “धर्म और संस्कृति ही वह सूत्र हैं, जो भारत और मॉरीशस को आत्मीयता के बंधन में जोड़ते हैं।” उनके शब्दों ने दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक रिश्तों को रेखांकित किया। मॉरीशस की धरती पर सनातन धर्म के ध्वज को बुलंद करने वाले स्वास्थ्य मंत्री अनिल कुमार बैजू की पहल ने इस आयोजन को और भी विशेष बना दिया। यह समारोह न केवल आध्यात्मिक उत्साह का प्रतीक रहा, बल्कि दोनों राष्ट्रों के बीच सांस्कृतिक एकता का एक स्वर्णिम अध्याय भी सिद्ध हुआ।
