पीड़ित छात्रों को मिलेगा निःशुल्क / रियायती शिक्षा एवं निःशुल्क उपचार

विजडम इंडिया संवाददाता।

देहरादून, 8 सितम्बर 2025।
उत्तरकाशी जिले के धराली एवं भटवाड़ी क्षेत्रों में हाल ही में बादल फटने से हुई भीषण त्रासदी में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून ने शैक्षणिक एवं चिकित्सीय राहत पैकेज की घोषणा की है।


विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह कदम आपदा से जूझ रहे परिवारों को राहत देने और प्रभावित विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
इसी राहत प्रस्ताव को गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय,(सुभारती अस्पताल) झाझर देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में मंच से मेजर जनरल डॉ. जी.के. थपलियाल ने प्रस्तुत किया, जिसमें पीड़ित छात्रों को
1. पूर्ण शुल्क माफी – आपदा में जिन विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है, उन्हें विश्वविद्यालय की समस्त फीस और छात्रावास शुल्क से पूर्ण (100%) छूट दी जाएगी।
2. विशेष रियायत – उत्तराखंड निवासियों को पहले से दी जा रही 25% ट्यूशन फीस छूट के अतिरिक्त धराली एवं भटवाड़ी क्षेत्र के छात्रों को और 25% छूट दी जाएगी। इस प्रकार कुल 50% फीस में छूट मिलेगी।
3. प्रवेश में प्राथमिकता – विश्वविद्यालय के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु इन दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
4. निःशुल्क चिकित्सा सुविधा – विश्वविद्यालय अस्पताल में धराली एवं भटवाड़ी क्षेत्र से आने वाले मरीजों को सभी सामान्य उपचार निःशुल्क दिए जाएंगे। केवल दवाओं की लागत मरीज को स्वयं वहन करनी होगी।
की घोषणा की गई। तत्पश्चात, इस प्रस्ताव की प्रति विश्वविद्यालय के न्यासी श्री यशवर्धन एवं कुलपति प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को श्री सहदेव सिंह पुंडीर विधायक सहसपुर, देहरादून एवं श्री मुन्ना सिंह चौहान विधायक विकास नगर, देहरादून की गरिमामय उपस्थिति में सौंप कर सामाजिक उत्तरदायित्व की नई मिसाल पेश की।
डॉ. धन सिंह रावत ने इस अद्वितीय प्रयास के लिए सुभारती शिक्षा समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण का हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि “सुभारती सदैव से जनकल्याण के कार्यों में अग्रणी रहा है और यह पहल आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा प्रदान करेगी।”
सुभारती शिक्षा समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण का जीवन और योगदान शिक्षा, सेवा एवं समाजोत्थान का अनूठा संगम है। उनके नेतृत्व में सुभारती संस्थान समय-समय पर ऐसे कार्य करते आए हैं, जो न केवल वर्तमान में बल्कि इतिहास में भी जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में अंकित हो चुके हैं।
न्यासी यशवर्धन ने इस अवसर पर कहा कि सुभारती का ध्येय केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना भी है। वहीं, कुलपति, रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय प्रो. डॉ. हिमांशु ऐरन, ने कहा कि “यह कठिन समय है। धराली और भटवाड़ी के लोगों का दर्द हमारा भी दर्द है। शिक्षा और स्वास्थ्य, दोनों ही जीवन के आधार हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय का कर्तव्य है कि वह इन क्षेत्रों के बच्चों और परिवारों के साथ खड़ा रहे।”
इस अवसर पर संपूर्ण सुभारती परिवार ने संकल्प लिया कि आपदा से प्रभावित बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
प्रस्तुत घोषणा की प्रति सरकार के माध्यम से प्रदेश के संबंधित जिलाधिकारी को दे दी गयी। इस लाभ के लिए अभ्यर्थी कार्यालय रजिस्ट्रार, रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय एवं चिकित्सा अधीक्षक सुभारती अस्पताल (गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय) में संपर्क कर सकते हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *