पटना के गांधी मैदान में रविवार को महागठबंधन की सहयोगी पार्टी भाकपा माले की ओर से आयोजित बदलो बिहार महाजुटान में बिहार में बदलाव का संकल्प लिया गया। इस मौके पर पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य भर की आंदोलनकारी ताकतें यहां मौजूद हैं। अगर सभी मिलकर लड़ाई लड़ें, तो बिहार में जरूर बदलाव आएगा। उन्होने कहा कि हमने एकजुट होकर झारखंड में भाजपा को रोका है, बिहार भी पीछे नहीं रहेगा।
दीपांकर भट्टाचार्य ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय यात्रा में जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। गांधी मैदान में आज बदलाव का संकल्प पत्र बना है। जिसे गांव-गांव तक पहुंचाना है। अब जातियों में नहीं बंटना है। अगर किसान-मजदूरों की एकता बन जाय तो सब कुछ संभव है। जातीय गणना के बाद भी 65 फीसदी आरक्षण लागू नहीं किया गया है। हम लोग इसे लागू करवाएंगे। 200 यूनिट फ्री बिजली देंगे।