यूपी के महाराजगंज में देवर की शादी में भाभी ने जमकर बवाल काटा है। देवर की बारात निकलने से ठीक पहले भाभी पुलिस के साथ दुल्हन के घर पहुंच गई। भाभी ने वहां साफ कह दिया कि वो मेरा है, किसी और का नहीं होने दूंगी। भाभी की बातें सुनकर लड़की वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। भाभी का रुख देख लड़की वालों ने शादी नहीं करने का फैसला सुना दिया। इसकी भनक दूल्हे तक पहुंची तो उसने भी वारात फिलहाल रोक दी है। दूल्हा गोरखपुर के शाहपुर का रहने वाला है।
बताया जाता है कि गोरखपुर के शाहपुर इलाके में रहने वाले युवक की अपनी ही विधवा भाभी के साथ अवैध संबंध बन गए थे। दोनों पति-पत्नी की तरह ही रहते थे। इसी बीच देवर की शादी महाराजगंज के नौतनवा इलाके की एक लड़की से तय हो गई। इसका विरोध भाभी करने लगी। भाभी नहीं चाहती थी कि देवर की कहीं और शादी हो। देवर ने भाभी को काफी समझाया लेकिन वह किसी कीमत पर मानने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद तो देवर भी अड़ गया और भाभी के विरोध के बाद भी शादी की तारीख तय हो गई।
भाभी की गुहार पर शाहपुर पुलिस एक्टिव हो गई। मामला लड़की वालों के इलाके नौतनवा थाने पहुंच गया। शाहपुर पुलिस ने नौतनवा पुलिस से संपर्क किया। नौतनवा थाने से पुलिस लेकर भाभी लड़की वालों के घर पहुंच गई और अपने अरमान सभी के सामने खोलकर रख दिए। दावा किया कि जिस दूल्हे की बारात आने वाली है उससे मेरी शादी हो चुकी है। अब वो मेरा है, उसे मैं किसी और का नहीं होने दूंगी। लड़की वालों ने भी दूल्हे को फोन कर उसकी भाभी के आने की बात बताई तो वह सन्न रह गया। दूल्हे से साफ कह दिया गया कि बारात लेकर न आए।
क्या बोली भाभी
भाभी ने लड़की वालों के घर पहुंचकर कहा कि जिस शख्स से यह शादी होने वाली है वह मेरा देवर है। पति की मौत के बाद देवर से मेरी शादी हो चुकी है। शादी के बाद दहेज उत्पीड़न का केस भी चल रहा है। शाहपुर थाने में केस भी दर्ज है। साथ ही कहा कि वह मेरा है, किसी और का नहीं होने दूंगी। दूल्हे की असलियत जानने के बाद लड़की पक्ष ने फोन कर दूल्हे को बारात लाने से मना कर दिया। कहा कि हम अपनी लड़की का जीवन गर्त में नहीं डाल सकते।
