हिमाचल प्रदेश में राजनीति गरमा गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम के साथ बीजेपी के चार विधायक भी हैं।

हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह- India TV Hindi

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार खतरे में है। राज्यसभा चुनाव में बीजेपी की अप्रत्याशित जीत के बाद कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। राज्यसभा की एकमात्र सीट जीतने के एक दिन बाद बुधवार को जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल के सदस्यों ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की। यह बैठक भाजपा द्वारा राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की अटकलों के बीच हो रही है। राज्य विधानसभा की 68 सीट में कांग्रेस के पास 40 और भाजपा के पास 25 सीट हैं। बाकी तीन सीट पर निर्दलीयों का कब्जा है।

पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे और हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा है कि विधायकों के साथ कहीं न कहीं अनदेखी हुई है, विधायकों की आवाज दबाने की कोशिश की गई है जिसके कारण हम आज इस कगार पर खड़े हैं। लगातार इन विषयों को पार्टी नेतृत्व के समक्ष भी उठाया गया है, लेकिन उसका जिस तरह से सरोकार लेना चाहिए था, वो नहीं लिया गया।

कांग्रेस के बागी हिमाचल के लिए रवाना

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के बागी विधायकों ने पंचकुला से हिमाचल प्रदेश के लिए उड़ान भरी। कांग्रेस के बागी पंचकूला में कल से ही रुके हुए थे।

पंचकूला से हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस के बागी विधायक

हिमाचल प्रदेश के विधायक पंचकूला के सेक्टर 3 स्थित होटल होलीडे इन से ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से कुछ ही देर में हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस के 6 विधायक कल शाम से पंचकूला में ही ठहरे हुए थे। कडी सुरक्षा के बीच सेक्टर 3 के होटल हॉलिडे इन में रखा गया था। हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  राजीव बिंदल ने विधायको से मुलाकात की थी।

राज्यपाल से मिले स्पीकर

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज शिमला स्थित राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि उन्होंने मौजूद राजनीतिक हालात पर चर्चा की।

हर्ष महाजन बोले- जल्द बनेगी बीजेपी की सरकार

 हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव जीतने वाले हर्ष महाजन ने कहा कि भाजपा गेम-चेंजर है। लोग सुक्खू सरकार से परेशान हैं। सभी अच्छे नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यह एक भविष्य की पार्टी है। वहां क्रॉस वोटिंग कर रहे हैं। आज की तारीख में कांग्रेस ने राज्य में अपना बहुमत खो दिया है। यह सरकार लंबे समय तक चलने वाली नहीं है। हर्ष महाजन का कहना है कि बीजेपी राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस के कुछ और विधायक हमारे संपर्क में हैं। मुझे उनके कुछ विधायकों और मंत्रियों के फोन आए। अगले कुछ घंटों में स्थिति बदलने वाली है और आप देखेंगे कि बीजेपी जल्द ही अपनी सरकार बनाएगी। अगले 10-20 वर्षों तक कांग्रेस यहां सत्ता में नहीं आने वाली है।

बीजेपी ने राज्यपाल से कही ये बात

हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा, राज्यपाल से मुलाकात कर हमने अपनी बात रखी है। हमें आशंका है कि वे भाजपा के विधायकों को विधानसभा में सस्पेंड कर सकते हैं। कल कांग्रेस के जिन विधायकों ने भाजपा को वोट दिया उन्हें नोटिस जारी हुआ है और उन्हें भी विधानसभा में सस्पेंड करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।

बीजेपी ने वोटिंग की मांग की

 हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल के साथ राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की और सदन में वित्तीय बजट के लिए मत विभाजन की मांग की।

क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों को नोटिस

हिमाचल प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस ने बीजेपी के लिए क्रॉस वोटिंग करने वाले अपने विधायकों को नोटिस दिया है। विधायकों से दोपहर बजे जवाब देने को कहा गया है।

राज्यपाल से मिले बीजेपी नेता

हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने बीजेपी विधायक दल के साथ राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा।

कांग्रेस ने हुड्डा, शिवकुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में छह कांग्रेस विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने के कुछ घंटे बाद अंसतुष्ट विधायकों को मनाने के लिए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व सक्रिय हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छह विधायकों से बातचीत करने के लिए वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और डी के शिवकुमार को नियुक्त किया है। ऐसा माना जाता है कि ये छह विधायक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली से ‘‘निराश’’ हैं और उन्हें हटाने की मांग कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री शिवकुमार राज्य में कांग्रेस सरकार के अस्तित्व पर खतरा मंडराने के बीच हालात का जायजा लेने के लिए बुधवार सुबह शिमला पहुंचेंगे। ये छह विधायक राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डालने के बाद मंगलवार को शिमला से हरियाणा रवाना हुए। ऐसा माना जाता है कि वे भाजपा के संपर्क में हैं।

सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है सरकार- बीजेपी

 राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में जो घटनाक्रम हुआ है उसके राजनीतिक दृष्टिकोण से यह कहा जा सकता है कि राज्य सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मिलने पहुंचे बीजेपी नेता

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मिलने राजभवन पहुंचे हैं। जयराम ने कहा कि विधानसभा में हमारी बात नहीं सुनी जा रही है। जब भी हम वित्तीय विधेयक के दौरान मतविभाजन की मांग करते हैं तो इसकी अनुमति नहीं दी जाती है। हमारी अनुमति के बिना सदन को स्थगित कर दिया जा रहा है। कांग्रेस सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है।

 

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *