विभिन्न मौसम वेबसाइट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानों में बारिश के रूप में हो सकता है। दिल्ली और वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में छह अक्तूबर के आसपास हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। ऐसा हुआ तो प्रदूषकों से राहत मिल सकती है। साथ ही बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज होगी। इससे रातें और ठंडी होंगी। वहीं, शुक्रवार को यूपी में दिन-रात के तापमान क्रमश: 34 एवं 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुए जो सामान्य से 0.6 एवं 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक हैं। मौसम विभाग के अनुसार हल्की बारिश के साथ ही ठंडका का एहसास होने लगेगा।
तराई के इलाकों में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद वातावरण में नमी बढ़ने का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को कई जिलों में पहली बार इस मौसम में सुबह के समय कोहरे और धुंध की मौजूदगी महसूस की गई। इससे सर्दी के आगमन की आहट तेज हो गई है। सुबह के समय कई इलाकों में हल्की धुंध छाई रही। दृश्यता कम होने के कारण सड़क पर गुजरने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। कई वाहन चालक दिन निकलने के बाद भी हेडलाइट जलाकर चलते नजर आए।
