प्रदेश सरकार ने छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने और उन्हें शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में सुविधा देने के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लागू की है। योजना की खास बात यह है कि चयनित छात्राओं को स्कूटी के साथ चार लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा। स्कूटी के पैकेज में पंजीकरण शुल्क, व्यापक वाहन बीमा, एक आइएसआइ मार्क हेलमेट और आवश्यक एक्सेसरीज भी शामिल रहेंगी।

योजना के तहत प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के अधीन संचालित राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध राजकीय व सहायता प्राप्त कालेजों और अन्य पात्र संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में से टाप पांच प्रतिशत का चयन किया जाएगा।

पात्र छात्राओं की सूची संबंधित विश्वविद्यालय ने पोर्टल पर अपलोड करते हुए कालेजाें से उनके विवरण मांगे हैं जिससे निर्धारित मानकों में आने वाली छात्राओं में से टाप-पांच प्रतिशत मेधावी छात्राओं को योजना का लाभ देने के लिए चुना जा सके।

योजना में सामान्य छात्राओं के साथ बलिदानी परिवारों की मेधावी छात्राओं, दिव्यांग छात्राओं और निराश्रित छात्राओं को भी शामिल किया गया है। इन विशेष श्रेणियों के लिए निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत कम अंक वाली छात्राओं को भी योजना में शामिल किए जाने का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के लिए छात्रा का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है।

साथ ही उसके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। सीजीपीए वाले पाठ्यक्रमों में संबंधित विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार स्नातक में प्राप्त सीजीपीए के आधार पर पात्रता तय की जाएगी।

राज्य विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों और संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं की पात्रता सूची संबंधित विश्वविद्यालय तैयार करेगा। कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक के संयुक्त हस्ताक्षर से सूची पोर्टल पर अपलोड की गई है। पोर्टल पर सूची जारी होने के बाद संबंधित जिलाधिकारी पात्र छात्राओं की सूची प्रदर्शित कराएंगे।
चयनित छात्राओं को स्कूटी का आवंटन भी जिलाधिकारी के स्तर से कराया जाएगा। स्कूटी वितरित होने के बाद छात्राओं से प्राप्ति का प्रमाण पत्र लेकर उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

योजना के तहत हर जनपद में समारोह आयोजित कर छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी। इसके लिए जिलों को उपलब्ध बजट प्रावधान के अनुसार धनराशि आवंटित की जाएगी। शासन ने योजना के क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों व शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

योजना के तहत छात्राओं का अंतिम चयन शासन स्तर पर किया जाएगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं में से निर्धारित पांच प्रतिशत छात्राओं की सूची संबंधित अभिलेखों के साथ उपलब्ध कराने को कहा गया है। विश्वविद्यालय ने संबद्ध कालेजों एवं विभागों से पात्र छात्राओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

यह भी स्पष्ट किया है कि यदि पात्रता सूची में ऐसी छात्रा का नाम शामिल है, जिसके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक है, तो इसकी सूचना तत्काल विश्वविद्यालय को देनी होगी। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लिए छात्राओं का अंतिम चयन शासन स्तर पर होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *