उत्तर प्रदेश में ठंड के मौसम ने अपनी दस्तक दे दी है पर सूबे का सियासी पारा काफी गर्म होता दिख रहा है। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी काफी देखी जा रही है। वहीं प्रदेश में जारी इस सियासी बायनबाजी के बीच अयोध्या के सांसद और समाजवादी पार्टी के नेता अवधेश प्रसाद ने बड़ा दावा कर दिया है। लोकसभा सांसद अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी को 300 सीटें मिलने की भविष्यवाणी की है।
लोकसभा सांसद अवधेश प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि, ‘लोगों ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली मौजूदा उत्तर प्रदेश सरकार से सारी उम्मीद और भरोसा खो दिया है। वे कुछ भी कर लें, लोग अब BJP पर भरोसा नहीं करेंगे। समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत के साथ 300 से ज़्यादा सीटें जीतेगी। उत्तर प्रदेश ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें विदाई दी, और 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें ऐसी विदाई दी जाएगी कि वे कभी वापस नहीं आएंगे।’
बता दें कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सूबे में तमाम सियासी पार्टी अपनी तैयारियों में जुट गईं हैं। एक तरफ जहां भाजपा गठबंधन यूपी में सत्ता की हैट्रिक लगाने को बेताब है तो सपा गठबंधन सत्ता में वापसी का इंतजार कर रही है । वहीं 2022 चुनाव की बात करें तो भारतीय जनता पार्टी ने लगातार दूसरी बार शानदार जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की थी। प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा ने अकेले 255 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) को 12 और निषाद पार्टी को 6 सीटें मिली थीं। इस तरह भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कुल 273 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था।
वहीं, अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 111 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) ने 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस तरह सपा गठबंधन के खाते में कुल 125 सीटें आई थीं।
चुनाव में मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा था। बसपा महज एक सीट जीत सकी थी। वहीं, कांग्रेस को केवल 2 सीटों से संतोष करना पड़ा था। राजा भैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने भी 2 सीटें जीती थीं।