जन्मभूमि मन्दिर में शनिवार को आयोजित दीपोत्सव के अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक साथ श्रीरामलला की आरती करेंगे। आरती का समय अपराह्न 2:30 से 3 बजे के मध्य निर्धारित किया गया है। पावन अवसर पर जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव गोविन्ददेव गिरि उपराष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। न्यास की धार्मिक समिति के पाँच सन्त भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। व्यवस्थाओं के समन्वय हेतु न्यास के सचिव जगदीश आफले एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित रहेंगे।
दीपोत्सव की तैयारियों के बीच रामनगरी में स्वागत और सजावट का काम भी तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पहले रामकथा पार्क की ओर जाने वाले मार्ग को रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजाया जा रहा है। सड़क पर कमल के फूल, मंगल कलश, स्वस्तिक और पारंपरिक दीपों की आकर्षक आकृतियां उकेरी जा रही हैं। इसी मार्ग से मुख्यमंत्री रामकथा पार्क स्थित मुख्य आयोजन स्थल में प्रवेश करेंगे।
दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को यात्री सुविधा केन्द्र (पीएफसी) के सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक सम्पन्न हुई। सभी क्षेत्र प्रभारियों ने बताया कि शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन की समस्त तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर श्रीराम मन्दिर परिसर में लगभग एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे। आयोजन में न्यास की व्यवस्थाओं से जुड़े लगभग 1,500 श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलन का कार्य करेंगे। राम की पैड़ी पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है।
अयोध्या में दीपोत्सव के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के आने से पहले ही सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से लेकर राम कथा पार्क तक उपराष्ट्रपति की फ्लीट का रिहर्सल किया गया। अयोध्याधाम क्षेत्र को 20 जोन और 53 सेक्टर में बांटा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि प्रमुख कार्यक्रम स्थलों, मंदिरों और रामलीला स्थल पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा में पुलिस के साथ पीएसी, आरएएफ, एसडीआरएफ और एटीएस कमांडो भी शामिल रहेंगे।