मुझे तुम पर गर्व और…’, बेटे रेहान की प्रदर्शन वाली फोटो हटाने पर प्रियंका वाड्रा इमोशनल

प्रियंका गांधी वाड्रा ने बेटे रेहान वाड्रा की कला प्रदर्शनी से विरोध-प्रदर्शनों और युवा आंदोलनों से जुड़ी 70 से अधिक तस्वीरें हटाए जाने के विवाद के बीच सोशल मीडिया पर उनका समर्थन किया.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने बेटे रेहान वाड्रा की तस्वीरों को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच सोशल मीडिया पर उनका समर्थन किया है. प्रियंका ने बेटे के लिए भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि उन्हें रेहान पर गर्व है और हमेशा रहेगा. यह विवाद नई दिल्ली के सांस्कृतिक केंद्र बीकानेर हाउस में रेहान की कला प्रदर्शनी से हालिया विरोध-प्रदर्शनों और युवा आंदोलनों से जुड़ी 70 से अधिक तस्वीरें हटाए जाने के बाद शुरू हुआ है. रेहान एक विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदर्शनी के आयोजकों ने तस्वीरों के राजनीतिक स्वरूप पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने के लिए कहा था.

 

प्रियंका गांधी ने कही ये बात

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर रेहान वाड्रा को टैग करते हुए लिखा, “जब कोई ताकतवर व्यक्ति दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे एहसास नहीं होता कि वह उस ताकत को पहले ही खो चुका है, जिसे बचाने की कोशिश कर रहा है.” उन्होंने आगे लिखा, “तुम सच्चाई के साथ खड़े हो. हर खूबसूरत चीज अपना रास्ता खुद तुम्हारे पास ढूंढ लेगी. मुझे तुम पर गर्व है और हमेशा रहेगा.” संदेश के अंत में प्रियंका ने ‘मामा’ लिखकर दिल का इमोजी भी साझा किया.

बीकानेर हाउस में प्रदर्शनी से हटाई गईं विरोध-प्रदर्शनों की तस्वीरें

रेहान वाड्रा की ‘नो आइडिया इज फाइनल’ शीर्षक वाली प्रदर्शनी की झलक बुधवार को दिखाई गई. यह प्रदर्शनी गुरुवार से आम लोगों के लिए खुलने वाली है. हालांकि, प्रदर्शनी शुरू होने से पहले ही इसमें शामिल तस्वीरों को लेकर विवाद खड़ा हो गया. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रेहान ने बताया कि उनकी प्रदर्शनी से हालिया विरोध-प्रदर्शनों और युवा आंदोलनों से जुड़ी 70 से अधिक तस्वीरें हटाई गई हैं. उनके अनुसार, मंगलवार शाम छह बजे बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उनसे संपर्क किया और विरोध-प्रदर्शनों की तस्वीरों के राजनीतिक स्वरूप पर आपत्ति जताते हुए उन्हें हटाने का अनुरोध किया.

रेहान ने कहा कि इन कलाकृतियों में वन्यजीव फोटोग्राफी, अमूर्त कला और भारत में हाल के युवा आंदोलनों से जुड़ी तस्वीरें शामिल थीं. उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और उसकी रूपरेखा उन्होंने काफी पहले ही बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ साझा कर दी थी.

प्रदर्शनी से पहले तस्वीरें हटाने के निर्देश पर जताई आपत्ति

रेहान के मुताबिक, प्रदर्शनी शुरू होने से 24 घंटे से भी कम समय पहले तस्वीरों को हटाने का अनुरोध करना अनुचित था. उन्होंने कहा कि मंगलवार को प्रबंधन की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद बुधवार को भी तस्वीरों को लेकर दबाव बनाया गया. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, रेहान ने बताया, “बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे हमें कहा गया कि अगर शाम पांच बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी.” उनके अनुसार, आयोजकों ने कहा कि ऐसी तस्वीरों की प्रदर्शनी के लिए यह सही समय नहीं है.

तिरंगे की तस्वीर हटाने से किया इनकार

रेहान ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए बयान में कहा कि आयोजकों ने उन्हें तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने का निर्देश भी दिया था. हालांकि, उन्होंने भारतीय झंडे की तस्वीर हटाने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने बताया कि बीकानेर हाउस प्रशासन ने तिरंगे की एक तस्वीर हटाई थी, जिसे उन्होंने दोबारा लगा दिया. रेहान ने कहा कि फिलहाल प्रदर्शनी कुछ तस्वीरों के साथ जारी रहेगी. हालांकि, विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी सभी तस्वीरों का पूरा संग्रह प्रदर्शित करने के लिए वह जल्द ही किसी दूसरे स्थान की तलाश करेंगे.

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *