पश्चिमी यूपी में बेमौसम बारिश से बिगड़े हालात, आगरा-मथुरा समेत कई जिलों में चेतावनी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह आगरा, मथुरा और हाथरस समेत कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। आगरा में बारिश के कारण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा रद्द करना पड़ा। मथुरा में तेज आंधी और बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी, जबकि हाथरस में मंडी में रखी धान की हजारों बोरियां भीग गईं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 37 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी यूपी में मौसम बदला है। इसके असर से अगले दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे पहले गुरुवार को नोएडा और गाजियाबाद समेत प्रदेश के करीब 20 शहरों में आंधी-बारिश हुई थी। नोएडा में सात मंजिला व्यावसायिक इमारत की शटरिंग गिर गई, जबकि कासगंज में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई।
बारिश के बाद आगरा में निर्माणाधीन सड़कों और खुदाई वाले स्थानों पर कीचड़ फैल गई। शहीद नगर के पास शमसाबाद रोड पर कई वाहन गड्ढों में फंस गए। टेढ़ी बगिया से कालिंदी रोड और ताजगंज की 100 फुटा रोड पर भी जलभराव से लोगों को परेशानी हुई।
बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के कारण आलू किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। किसान 20 अक्तूबर के बाद आलू की बुवाई शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। ठंडक की कमी के चलते बुवाई में देरी हो रही थी। अब किसानों ने कोल्ड स्टोरेज से आलू के बीज और उर्वरक खरीदने शुरू कर दिए हैं।
