आगामी 29 सितंबर को दिल्ली में दो नहीं, बल्कि चार महत्वपूर्ण सड़क एवं यातायात परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें दो परियोजनाएं बनकर तैयार हो चुकी हैं, जिन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा, जबकि दो नई परियोजनाओं के निर्माण की आधारशिला रखी जाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इन चारों परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। यह चारों परियोजनाएं आम जनता की सुविधाओं के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर को नौ साल की देरी से जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके शुरू होने से पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच आवागमन को बेहतर बनाने तथा प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुकरबा चौक रेलवे अंडरपास भी इसी दिन जनता को समर्पित किया जाएगा। इस अंडरपास के शुरू होने से रेलवे ट्रैक के कारण प्रभावित होने वाले यातायात को सुगम बनाने और आसपास के क्षेत्र में जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
मोदी मिल फ्लाईओवर और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर से जुड़ी परियोजना की भी इसी कार्यक्रम में आधारशिला रखी जाएगी। दोनों फ्लाईओवर के निर्माण से दक्षिण दिल्ली के व्यस्त हिस्सों में यातायात को सुगम बनाने और प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव कम करने की योजना है। इसके शिलान्यास के बाद इस परियोजना पर और तेजी से काम शुरू हो सकेगा।
लोनी रोड गोल चक्कर अंडरपास के निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करना है। इसके बनने से लोनी की ओर से आने वाले वाहन बगैर रोक-टोक के शाहदरा की ओर आ जा सकेंगे। रोहताश नगर के विधायक जितेंद्र महाजन ने कहा कि इस अंडरपास को बनाने की जरूरत के बारे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा को अवगत करा चुके हैं।