अरब सागर में पाकिस्तान की काली करतूत सामने आने के बाद भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दे दी है। जानकारी के मुताबिक यहां उत्तरी अरब सागर में भारत और पाकिस्तान के जहाज मंगलवार रात आपस में टकरा गए। इसके बाद तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। भारत ने पाकिस्तान के राजनयिक को तलब कर जवाब मांगा है। इस बीच सवाल उठ रहे हैं कि पाकिस्तान का जहाज भारतीय युद्धपोत के इतने पास कैसे आ गया।

जानकारी के मुताबिक घटना 15 सितंबर की आधी रात को हुई। तब भारतीय युद्धपोत अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में रूटीन गश्त पर तैनात था। आधी रात को अचानक पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज बेहद तेज रफ्तार से भारतीय नौसेना के युद्धपोत के बेहद करीब पहुंच गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तानी जहाज बेहद गैर-पेशेवर ढंग से आगे बढ़ा और ‘युद्धाभ्यास’ जैसी गतिविधियां भी कर रहा था। हालांकि घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

पाकिस्तान की इस घटिया हरकत पर भारत ने उसे अच्छी तरह समझा दिया है। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को नई दिल्ली में स्थित पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक को तलब कर इसे उकसावे वाली कार्रवाई बताया। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान की इस हरकत पर सख्त रुख अपनाते हुए साफ कहा है कि इस तरह की हरकत दोहराई ना जाए। विदेश मंत्रालय ने कहा, “पाकिस्तानी नौसैनिक पोत का आचरण अप्रैल 1991 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही की अग्रिम सूचना से जुड़े समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन है।”

मंत्रालय ने पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक को तलब कर कहा कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाएं कि सभी सैन्य इकाइयां समुद्र में उचित सावधानी बरतें और दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौतों का सम्मान करें ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस मामले में इस्लामाबाद स्थित उच्चायोग में भारत के प्रभारी राजनयिक को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी तरह का विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल मई महीने में भारत ने पाकिस्तान की हालत पतली कर दी थी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के पाले हुए आतंकियों को मार गिराने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया और 100 से ज्यादा आतंकी मार गिराए। लेकिन इससे पाकिस्तान बौखला गया और भारत की ओर कायराना हमले करने लगा। हालांकि भारतीय सशस्त्र बलों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए ना सिर्फ पाक के हमलों को नाकाम किया, बल्कि लाहौर तक उसके एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *