देहरादून। डॉ. मुक्ति भटनागर सब्हारती स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन, रस बिहारी बोस सब्हारती विश्वविद्यालय, देहरादून की छात्रा रिद्धि तेज्यान ने उत्तराखंड न्यूज़ कैमरामैन एसोसिएशन द्वारा आयोजित फोटोग्राफी कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फोटोग्राफी पुरस्कार प्राप्त कर विश्वविद्यालय एवं विभाग का नाम गौरवान्वित किया।

रिद्धि तेज्यान को यह पुरस्कार उनके उत्कृष्ट फोटोग्राफिक कार्य, रचनात्मक दृष्टिकोण एवं फोटोग्राफी के क्षेत्र में प्रतिभा के लिए प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से विभाग के विद्यार्थियों में भी उत्साह का संचार हुआ है तथा उन्हें कला एवं फोटोग्राफी के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
विश्वविद्यालय के माननीय अध्यक्ष श्री अतुल कृष्ण, माननीय कुलपति डॉ. देश दीपक, शैक्षणिक निदेशक श्रीमती अवनी कमल तथा अधिष्ठाता डॉ. रीता तेवारी ने रिद्धि तेज्यान की इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष श्री संतोष कुमार ने रिद्धि तेज्यान को उनकी उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने बताया कि सब्हारती विश्वविद्यालय से पाँच विद्यार्थियों ने इस फोटोग्राफी कार्यक्रम में भाग लिया था, जबकि विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से लगभग 200 विद्यार्थियों ने इसमें प्रतिभाग किया। इन सभी प्रतिभागियों में से रिद्धि तेज्यान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह पुरस्कार प्राप्त किया।
विभागाध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों को कला के साथ-साथ फोटोग्राफी जैसे रचनात्मक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलते रहने चाहिए। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता को निखारने, नए अनुभव प्राप्त करने तथा अपनी प्रतिभा को व्यापक मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने रिद्धि तेज्यान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतिभागी विद्यार्थियों की तैयारी श्री श्याम दुबे ने विभागाध्यक्ष श्री संतोष कुमार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से कराई थी। श्री श्याम दुबे एवं विभागाध्यक्ष के संयुक्त मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के लिए तैयारी की, जिसके परिणामस्वरूप रिद्धि तेज्यान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
विश्वविद्यालय परिवार एवं विभाग के समस्त शिक्षकों ने भी रिद्धि तेज्यान को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
