बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व एमएलसी अतर सिंह राव को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए उनका कद और दायरा बढ़ाया है। पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर किए गए फेरबदल के तहत भारत के सांगठनिक ढांचे को तीन प्रमुख सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिसमें 9 राज्यों के एक सेक्टर का मुख्य सेक्टर प्रभारी का दायित्व अतर सिंह राव को दिया गया है। अतर सिंह राव बसपा के कैडर आधारित और बेहद वफादार सिपाही माने जाते हैं। वह विधान परिषद में पार्टी के सचेतक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर दलित चेहरों में उनकी गिनती होती है। इससे पहले भी वह बसपा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी और प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहकर संगठन को अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अतर सिंह राव को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने से पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। समर्थकों ने उन्हें बधाई देने के साथ-साथ पार्टी सुप्रीमो मायावती का भी आभार व्यक्त किया है, जिससे यह संदेश गया है कि पार्टी हमेशा निष्ठावान और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देती है। नई व्यवस्था के तहत अतर सिंह राव को सेक्टर-2 का मुख्य सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस सेक्टर के दायरे में देश के 9 राज्य पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल हैं।

वहीं, मायावती ने बड़े भतीजे आकाश आनंद को झटका देने के बाद अब पार्टी में छोटे भतीजे ईशान आनंद को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी में बतौर मुख्य सेक्टर प्रभारी के पद पर इंट्री करने वाले ईशान अपने कार्यों की रिपोर्ट सीधे बसपा सुप्रीमो मायावती और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अपने पिता आनंद कुमार को करेंगे। साफ है कि उनका कद मायावती के बाद दूसरी पंक्ति के बड़े नेताओं का होगा। ईशान को उत्तर भारत में सेक्टर एक और सेक्टर दो के तहत आने वाले राज्यों का मुख्य सेक्टर प्रभारी बनाया गया है।

बता दें कि बसपा सुप्रीमो ने अंतरकलह के चलते बड़े भतीजे आकाश आनंद को तीन सितंबर को प्रदेश मुख्यालय में हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में बड़ा झटका दिया था। उन्हें राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर के पद से हटा दिया गया था। बैठक में आकाश को नहीं बुलाया गया था और ईशान शामिल हुए थे। उसी दिन ईशान को पार्टी में आगे बढ़ाए जाने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *