यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर रणनीतिक सरगर्मी तेज है। इसी चुनावी तैयारियों को लेकर सारी पार्टियां लग गई हैं। आज सोमवार को लखनऊ में बीजेपी, सपा और बसपा की अहम बैठकें हैं। इस बैठक में मिशन-2027 के लिए प्लान पर मंथन होगा। भारतीय जनता पार्टी बीजेपी अपने पदाधिकारियों के साथ चुनावी प्लान तैयार करेगी। बसपा प्रमुख मायावती अपने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगी। वहीं अखिलेश यादव भी सपा नेताओं के साथ बैठक कर सियासी मंथन करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश कार्यशाला सोमवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई। इसमें सेवा संकल्प अभियान को लेकर पार्टी की आगामी चुनाव को लेकर रणनीति और तैयारियों पर चर्चा हुई। कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।
पार्टी बीते कुछ माह से लगातार संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने में जुटी है। बसपा सुप्रीमो के निर्देश पर जिला व मंडल स्तर की समीक्षा बैठकों में कार्यकर्ताओं को खास संदेश दिए जा रहे हैं। उनमें जोश भरने के साथ ही विधानसभा प्रभारियों/प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने का सिलसिला भी जारी है। बसपा सुप्रीमो कुछ खास मुद्दों को लेकर भाजपा के अलावा सपा और कांग्रेस पर भी हमलावर रही हैं।
उधर, समाजवादी पार्टी ने भी सोमवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के कहने पर बुलाई गई इस अहम बैठक में यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के प्लान पर मंथन होगा। यह बैठक को सपा के संगठनात्मक और चुनावी रोडमैप के लिहाज से अहम मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी की इस अहम बैठक में सिर्फ राजनीतिक चर्चा ही नहीं, बल्कि तकनीकी तैयारी पर जोर है।
