कुलपति प्रो. डॉ. देश दीपक ने दी बधाई, डीन प्रो. नीलिमा चौहान सहित शिक्षकों ने उपलब्धि को बताया विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत
लखनऊ। रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के महाप्रजापति गौतमी सुभारती स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज के पीएच.डी. शोधार्थी सुजन चकमा ने बौद्ध अध्ययन विषय में UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए अर्हता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।
सुजन चकमा वर्तमान में रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन विषय से पीएच.डी. कर रहे हैं। उन्हें महाप्रजापति गौतमी सुभारती स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज के प्रतिभाशाली एवं मेधावी विद्यार्थियों में माना जाता है। UGC-NET में सफलता उनकी निरंतर मेहनत, विषय के प्रति गहरी रुचि और अकादमिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. देश दीपक ने सुजन चकमा को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करना शोधार्थी की शैक्षणिक क्षमता और परिश्रम का प्रमाण है। सुजन की उपलब्धि विश्वविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर महाप्रजापति गौतमी सुभारती स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज की डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. नीलिमा चौहान, सलाहकार प्रो. डॉ. सॉ ह्टुट सैंडर तथा वंदनीय चंदवारा ने भी सुजन चकमा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुजन अपने पीएच.डी. शोध के माध्यम से बौद्ध अध्ययन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देंगे।
विश्वविद्यालय परिवार ने सुजन चकमा की इस उपलब्धि को विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बताते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
