वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। 24 सालों के बाद कांग्रेस में कोई गैर-गांधी परिवार से अध्यक्ष बना है। हालांकि, खड़गे को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि पार्टी सिर्फ राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ही है। कुछ ही समय में हिमाचल प्रदेश और फिर गुजरात में भी विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में खड़गे के पास पार्टी में मनचाहा बदलाव करने का भी समय काफी कम होगा। इस बीच, खड़गे ने पहला बदलाव किया है।

दरअसल, मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह पहला बदलाव अपने ट्विटर हैंडल पर किया है। माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट पर काफी सक्रिय रहने वाले खड़गे ने कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद अपने बायो में इसका जिक्र किया है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट के बायो में बदलाव करते हुए लिखा है, ”प्रेसिडेंट: इंडियन नेशनल कांग्रेस | सांसद, राज्यसभा।” इसके अलावा, शशि थरूर के मुकाबले जीत मिलने के बाद से ही खड़गे ट्विटर पर काफी सक्रिय दिख रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस, बीजेपी समेत कई दलों के नेताओं द्वारा दिए गए बधाई संदेश का भी रिप्लाई किया है।

वहीं, उन्होंने डॉलर की तुलना में रुपये की जारी गिरावट पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। खड़गे ने ट्वीट किया, ”डॉलर के मुकाबले फिर रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर, 83 पार पहुंचा। गिरता रुपया हमारी इकॉनमी के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकता हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि रुपया कमज़ोर नहीं हो रहा, डॉलर मज़बूत हो रहा है। सिर्फ बयानों से काम नहीं चलेगा, केंद्र सरकार को जल्द ही ठोस कदम उठाने होंगे।”

2022-10-20 15:55:29 https://wisdomindia.news/?p=7216
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *