सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस और 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश लेकर गोरखपुर की सड़कों पर करीब 2.5 किमी पैदल चलेंगे। नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से रेलवे स्टेशन चौराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक मुख्यमंत्री की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकलेगी। इस दौरान सीएम शहरवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान करेंगे।

उधर, सीएम की पैदल यात्रा को देखते हुए नगर निगम ने पूरे मार्ग को सजाने-संवारने में ताकत झोंक दी है। तैयारियों के क्रम में रविवार को निगम परिसर से लेकर यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली प्रमुख प्रतिमाओं, चौराहों, रेलिंग को नगर निगम ने विशेष रूप से संवारा। सोमवार को सुबह 9 बजे रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और सीएम के संबोधन के बाद शुरू होने वाली तिरंगा यात्रा महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त होगी।

यात्रा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ ड्रोन के जरिए भी नजर रखी जाएगी। मकानों, दुकानों और छतों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

तिरंगा यात्रा में संस्कृति विभाग से जुड़े कलाकारों के आठ समूह भाग लेंगे। प्रत्येक समूह में 15-15 कलाकार आकर्षक परिधान में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। टाउनहाल से रेलवे रोड तक इन कलाकारों के लिए आठ स्थान पर सांस्कृति मंच बनाया गया है। मार्ग में कई स्थानों पर तैयार किए गए स्वागत मंचों से व्यापारी संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और महानगर के नागरिक सीएम का स्वागत करेंगे। उधर, भाजपा के महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में तिरंगा यात्रा के दौरान स्वागत को लेकर जिम्मेदारी बांटी गई।

पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल और चेंबर ऑफ कॉमर्स ने बैठक कर व्यापारियों और शहरवासियों से तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की अपील की है। वहीं, भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने अधिवक्ताओं से तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है।

तिरंगा यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। टाउन हाल, कचहरी और गणेश चौक की ओर वाहनो की इंट्री नहीं होगी। एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से इन मार्गों पर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का प्रयोग करें।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *