लखनऊ, 10 अक्टूबर। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) द्वारा आयोजित छः दिवसीय इण्टरनेशनल यंग मैथमेटिशियन कन्वेन्शन (आई.वाई.एम.सी.-2022) का भव्य उद्घाटन आज ऑनलाइन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विश्व के 23 देशों के प्रतिभागी छात्रों, शिक्षकों व गणित विशेषज्ञों के सम्मान में सी.एम.एस. छात्रों ने  एक से बढ़कर एक शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा समाँ बाँधा। इससे पहले, समारोह के मुख्य अतिथि श्री एस. राजलिंगम, आई.ए.एस., जिलाधिकारी, कुशीनगर, ने आई.वाई.एम.सी.-2022 के लोगो का अनावरण कर उद्घाटन समारोह का ऑनलाइन शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री राजलिंगम ने कहा कि विश्व के बाल गणितज्ञों को एक मंच पर एकत्रित करने का सी.एम.एस. गोमती नगर का प्रयास अत्यन्त सराहनीय है।

     सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) द्वारा आई.वाई.एम.सी.-2022 का आयोजन 10 से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन किया जा रहा है, आज सम्पन्न हुए उद्घाटन समारोह में सी.एम.एस. छात्रों ने स्कूल प्रार्थना, सर्वधर्म एवं विश्व एकता प्रार्थना, वर्ल्ड पार्लियामेन्ट, कोरियोग्राफी, राष्ट्रगान आदि विभिन्न शिक्षात्मक-साँस्कृतिक कार्यक्रमों के शानदार प्रस्तुतिकरण से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस अवसर पर कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य भावी पीढ़ी को मात्र एक कुशल गणितज्ञ बनाना ही नहीं है अपितु इसके माध्यम से भावी पीढ़ी को अच्छे बुरे की पहचान करने वाला एक संवेदनशील विश्व नागरिक बनाना है। सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट एवं एम.डी. प्रो. गीता गाँधी किंगडन ,सी.एम.एस. संस्थापिका डा. भारती गाँधी व सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) की प्रधानाचार्या श्रीमती आभा अनन्त ने भी अपने संबोधन से देश-विदेश के प्रतिभागी छात्र प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

2022-10-10 13:49:48 https://wisdomindia.news/?p=6753
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *