केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी और उसकी चल रही भारत जोड़ो यात्रा पर तीखा हमला बोला। कर्नाटक में भाजपा सरकार के एक मंत्री ने कांग्रेस को देश के विभाजन व अन्य भ्रष्टाचार घोटालों से जोड़ते हुए उसकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को “दिशाहीन” करार दिया। कर्नाटक के स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ के सुधाकर ने बुधवार को एक के बाद एक ट्वीट्स कर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की #BharatJodoYatra का अगर एक शब्द में वर्णन किया जाए तो यह ‘दिशाहीन’ होगा। ऐसा लगता है कि निरर्थक रैली का उद्देश्य केवल #RSS और उसकी विचारधाराओं पर हमला करना है।” भाजपा मंत्री ने कांग्रेस की यात्रा के लिए हैशटैग ‘भारत तोड़ो यात्रा’ (#BharatTodoYatra) का इस्तेमाल किया।

बता दें कि सुधाकर भी पहले कांग्रेसी नेता था। उन्होंने 2019 में कई लोगों के साथ कांग्रेस पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए। तब से वे अपनी पूर्व पार्टी के कट्टर आलोचक बन गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता और देश को और विभाजित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के पूर्वजों द्वारा अपनाई गई फूट डालो और राज करो की एकमात्र नीति के साथ कांग्रेस ने पांच दशकों से अधिक समय तक भारत पर शासन किया! जबकि, आरएसएस ने ही कांग्रेस के गलत कामों को सुधार कर राष्ट्रीय एकता की राह पर चलने का काम किया है।”

उन्होंने ट्वीट कर कहा, “#BharatJodoYatra से कोई भी यह निष्कर्ष निकाल सकता है कि राहुल गांधी अपने उन पूर्वजों के गलत कामों को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने बांटो और राज करो के अलावा कुछ नहीं किया। उनके परदादा नेहरू को ही ले लीजिए जो विभाजन के लिए जिम्मेदार हैं!” बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा गुरुवार को कर्नाटक के मांड्या जिले में फिर से शुरू होगी। इस बार अंतरिम पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी भी रैली में शामिल होंगी। सोनिया गांधी सोमवार को कर्नाटक पहुंचीं और फिलहाल काबिनी में एक निजी रिसॉर्ट में रुकी हैं। घटनाक्रम से वाकिफ लोगों ने कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के भी कर्नाटक यात्रा में राहुल के साथ शामिल होने की संभावना है।

2022-10-05 16:25:54 https://wisdomindia.news/?p=6560
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *