यूपी पुलिस में सिपाही के 32,679 पदों पर भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा में तीन दिनों में कुल 21,92,236 अभ्यर्थी शामिल हुए। बुधवार को तीसरे दिन भी सभी जिलों में 1183 परीक्षा केंद्रों में कड़े सुरक्षा घेरे में भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। तीसरे दिन कानपुर, गौतमबुद्धनगर, सहारनपुर, झंसी और अलीगढ़ में कूटरचित दस्तावेजों के जरिए परीक्षा में शामिल हुए पांच फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार आठ, नौ व 10 जून को दो-दो पालियों में हुई परीक्षा में 75.94% अभ्यर्थी शामिल हुए और लगभग 24% यानी एक चौथाई अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी।

आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर भर्ती-2025 की परीक्षा के लिए कुल 28,86,798 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें पुरुष 19,62,561 (67.99%) और महिलाओं की संख्या 9,24,237 (32.01%) थी। तीन दिनों की परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से गबड़बड़ी के प्रयास करने वालों के विरुद्ध 12 मुकदमे दर्ज किए गए। नकल के प्रयास और दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास किए जाने के मामलों में 15 आरोपित गिरफ्तार किए गए।

भर्ती बोर्ड के अनुसार गौतमबुद्धनगर में बुधवार को मिहिर भोज पीजी कालेज में परीक्षार्थी एटा निवासी अंकित कुमार ई-केवाईसी मिस मैच होने पर पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि वह कूटरचित आधारकार्ड बनवाकर परीक्षा में शामिल हुआ था। मुकदमा दर्ज कर आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। ऐसे ही बुधवार को कानपुर नगर स्थित लालू प्रसाद इंटरकालेज में अभ्यर्थी जौनपुर निवासी नागेश कुमार पकड़ा गया। वह कुटरचित दस्तावेज बनवाकर परीक्षा देने पहुंचा था।

वहीं अलीगढ़ में डीएवी बालिका इंटर कालेज में बुलंदशहर निवासी अंकित कूटरचित आधारकार्ड बनवाकर बुलंदशहर के ही निवासी अभ्यर्थी लोकेश के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। संदेह होने पर गहन चेकिंग की गई और बायोमेट्रिक मिसमैच होने पर वह पकड़ा गया। उप्र सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

ऐसे ही सहारनपुर में परीक्षा केंद्र गुरुनानक गर्ल्स इंटर कालेज में बागपत निवासी मुकेश कुमार को बायोमेट्रिक मैच न होने पर पकड़ा गया। वहीं झंसी में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र में आगरा निवासी सुमित कुमार बघेल अभ्यर्थी कुलदीप की जगह पर परीक्षा देने पहुंचा था, जिसे जांच के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

भर्ती बोर्ड के अनुसार बुधवार को सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर यूट्यूब पर शुभम मित्तल के द्वारा भ्रामक व तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित करने के मामले में लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके अलावा इंस्टाग्राम यूजर reshami68yadav, durgeshsaxena94 तथा ID-mukti.reem_98 तथा Rohit (Oye Hero), ID Rohitvlogs_24*7 द्वारा भी सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर भ्रामक वीडियो व तथ्य प्रसारित किए जाने के मामलों में लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। भर्ती बोर्ड द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर इनके विरुद्ध शिकायें मिली थीं। ऐसे ही दो मामलों में आजमगढ़ में भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *