इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल का समापन 31 मई को हो गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी ने खिताब जीता है। फाइनल मैच में गुजरात टाइटन्स ने घुटने टेक दिए और आरसीबी ने लगातार दूसरा खिताब जीता। आईपीएल 2026 में कुल 74 मैच प्लेऑफ्स के मुकाबलों सहित खेले गए। इन मैचों के बाद टीम ऑफ द टूर्नामेंट कैसी होगी? ये आप टूर्नामेंट खत्म होने के बाद जान लीजिए। ये टीम लाइव हिन्दुस्तान की स्पोर्ट्स टीम ने बनाई है।
ओपनर के तौर पर राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी नंबर वन च्वॉइस हैं, जबकि आरसीबी के ओपनर विराट कोहली को उनके जोड़ीदार के रूप में माना जाए तो अच्छा होगा। वैसे शुभमन गिल और साई सुदर्शन भी दावेदार हैं, लेकिन दोनों का स्ट्राइक रेट और औसत विराट से अच्छा नहीं है। इसके अलावा ये दोनों खिलाड़ी आरसीबी के खिलाफ फाइनल और क्वालीफायर 2 दोनों में फेल हो गए थे। ऐसे में वैभव के साथ परफेक्ट ऑप्शन विराट कोहली ही हैं।
नंबर 3 की बात करें तो इसमें बिना किसी अगर-मगर के ईशान किशन को रखा जाना चाहिए, जो विकेटकीपर भी इस टीम के होंगे। उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी इस नंबर पर एसआरएच के लिए की। वहीं, चौथे नंबर पर रजत पाटीदार को रखा है, जो कप्तान भी हैं और उन्होंने कई मैचों में टीम के लिए दमदार पारियां खेलीं। इस वजह से उन्हें इस नंबर पर रखा जाना चाहिए। पांचवें नंबर के लिए हेनरिक क्लासेन को चुनना ही बेहतर है, क्योंकि इस नंबर पर उनसे बेहतर कोई भी खिलाड़ी पूरे आईपीएल में नहीं खेला है।
नंबर 6 पर ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी के अच्छा विकल्प हैं, जिन्होंने तेज गति से गेंदबाजी भी। विकेट चटकाने के साथ-साथ टीम के लिए रन भी बनाए। इसके बाद नंबर सात पर क्रुणाल पांड्या को रखा जाना चाहिए, जो आरसीबी के लिए बड़े मैच विनर इस सीजन भी बनकर उभरे। उन्होंने गेंद और बल्ले से योगदान दिया। 8वें नंबर पर सुनील नरेन होंगे, जिनके लिए गेंद से यह सीजन शानदार रहा। 9वें नंबर पर जोफ्रा आर्चर, 10वें नंबर पर भुवनेश्वर कुमार और 11वें नंबर पर पर्पल कैप होल्डर कगिसो रबाडा को रखा जाना चाहिए। इम्पैक्ट प्लेयर इस टीम में रसिख सलाम डार को रखा जाना चाहिए।
