AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन के मामले पर सियासी तूफान तेज होता दिख रहा है। मंगलवार (24 फरवरी 2026) सुबह दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। दिल्ली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई पर कांग्रेस के दिग्गेज नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कहा कि मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियो पर गर्व है और शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने भी उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक X (Twitter) अकाउंट पर पोस्ट कर विरोध-प्रदर्शन को हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार बताया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को देश के हितों से समझौता करार दिया।
राहुल गांधी ने पोस्ट किया, ”शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज़ उठाई है। इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मज़बूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत – सच और संविधान हमारे साथ हैं।
भारत-यूएसए व्यापार समझौते पर भी उन्होंने लिखा, ”अमेरिका के साथ हुए Trade Deal में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।”
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष खडगे ने कहा, ”यूथ कांग्रेस डरने वाला नहीं है। लोगों की आवाज उठाते रहेंगे, लड़ते रहेंगे। देश का माहौल आज बहुत खराबा है।”
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने शुक्रवार को सम्मेलन स्थल के हॉल नंबर 5 के अंदर कमीज उतारकर और सरकार तथा भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपी हुई टी-शर्ट हाथ में लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के वास्ते क्यूआर कोड प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था।
इस मुद्दे ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे ”वैश्विक मंच पर भारत की छवि को धूमिल करने का एक शर्मनाक कृत्य” बताया, जबकि भारतीय युवा कांग्रेस ने इसे राष्ट्रीय हितों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया ”शांतिपूर्ण” प्रदर्शन बताकर इसका बचाव किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है तथा और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
उन्होंने कहा, ”घटनाक्रम का पता लगाने और विरोध प्रदर्शन की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए हम सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्य और प्रवेश रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रहे हैं।” एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ता कथित साजिश के पहलू की और विरोध-प्रदर्शन के पीछे के वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि टी-शर्ट पर नारे छपवाने के लिए किसने धन दिया था। अधिकारी ने बताया, ”हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या कोई समन्वित प्रयास किया गया था और साजोसामान की व्यवस्था कैसे की गई थी।”
