यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संगठन की शक्ति से 2024 में 2014 का रिकॉर्ड तोड़ने का दावा किया। गुरुवार को कन्नौज में सरकार से बड़े संगठन के अपने ट्विट का बचाव करते हुए डिप्टी सीएम ने कहाकि हम सभी को संगठन ने ही यहां तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने संगठन से ही जुड़े रहे भूपेंद्र सिंह चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया है। उनके नेतृत्व में पार्टी प्रदेश की सभी सीटें जीतेगी।
विकास कार्यों का मुआयना और समीक्षा करने के लिए कन्नौज पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया से कहा कि संगठन हमेशा सरकार से बड़ा होता है। हम सभी संगठन से ही निकले हैं, संगठन ने ही हम सबको यहां तक पहुंचाया है और संगठन ही हमारी जननी है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां संगठन का फैसला सभी को मंजूर होता है। उन्होंने कहा कि ट्विट का गलत मतलब निकालने की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंने सपा पर भी हमला बोला, कहा कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी हो गई है। अखिलेश यादव गलत चश्मा पहने हुए हैं, इसलिए 2014 से जनता उन्हें लगातार नकार रही है। उन्होंने कहा कि 2024 में सपा पूरी तरह से साफ हो जाएगी।
केजरीवाल देश के सबसे झूठे मुख्यमंत्रीः उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अरविंद केजरीवाल देश के सबसे झूठे मुख्यमंत्री हैं। वह अन्ना आंदोलन में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाकर नेता बने थे, लेकिन अब भ्रष्टाचार करने वालों के संरक्षक बन गए हैं। वह अपने उप मुख्यमंत्री को बचाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं, वह सही हैं तो जांच का सामना करना चाहिए।
Screenshot_1
