यूपी में 44 होमगार्ड जवानों की भर्ती के लिए विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है। इतनी बड़ी संख्या में होने वाली इस भर्ती के लिए आवेदन जुलाई के अंत तक मांगे जा सकते हैं। वर्ष 2011 के बाद होने वाली यह होमगार्ड भर्ती सिपाही भर्ती परीक्षा की तर्ज पर होगी। इसमें भी मुख्यालय स्तर पर प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। हाईस्कूल पास होने के साथ उम्र 18 से 45 वर्ष का मानक रहेगा। महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। भर्ती की नियमावली तैयार की जा चुकी है। माना जा रहा कि इस बार 15 लाख से अधिक आवेदन आ सकते हैं।

होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने इसकी तैयारियों को लेकर मुख्यालय के अफसरों के साथ बैठक भी कर ली है। कुछ बिन्दुओं पर सहमति के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक संशय यह है कि सभी 44000 पदों पर भर्ती एक साथ कराई जाए अथवा दो चरणों में भर्ती पूरी की जाए। इसी साल 60244 सिपाही भर्ती परीक्षा बिना विवाद के सम्पन्न हो गई। इस पर ही निर्णय लिया जा रहा है कि इस बार होमगार्ड जवानों की भर्ती जिला स्तर पर न होकर मुख्यालय स्तर पर हो। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही भर्ती का विज्ञापन निकाला जाएगा। होमगार्ड की मृत्यु होने पर आश्रितों को नौकरी के साथ ही बीमा कम्पनी से एमओयू होने की वजह से आश्रित परिवार को 35 लाख रुपये भी मिलते हैं। सरकार की ओर से पांच लाख रुपये अलग आर्थिक सहायता दी जाती है।

इस तरह होगा अंतिम चयन

विभाग के मुताबिक सिपाही भर्ती की तरह होमगार्ड जवान बनने के लिए अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण, दस्तावेज परीक्षण होगा। चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण होगा।

दौड़ ढाई किमी हो सकती है

विभागीय सूत्रों के मुताबिक अभी तक होमगार्ड भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को दो किमी दौड़ कराई जाती थी। अब इसे बढ़ाकर ढाई किमी करने पर भी विचार चल रहा है। होमगार्ड के लिए एक लाख 18 हजार 348 पद स्वीकृत हैं। इस समय करीब 74 हजार जवान है। एक अधिकारी के मुताबिक तैयारियां मुख्यालय स्तर पर पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने पिछले साल जून में 44000 होमगार्ड जवानों की भर्ती की घोषणा की थी। भर्ती के प्रस्ताव पर शासन में लगभग सहमति बन गई है। अफसरों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में काफी संख्या में होमगार्ड जवान रिटायर हो गए हैं। इसकी वजह से काफी पद रिक्त हो गए हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *