यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) की आलोचना करते हुए उसे लठैतवाद का पर्याय बताया। इस पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मौर्य पर तंज कसते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा, कितनी भी कोशिश कर लें आपको शिखर नहीं मिलेगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा के कथित अंदरूनी कलह की ओर इशारा करते हुए ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, एक तो प्रधान बनाम मुख्य की प्रतिस्पर्धा है, दूसरी मुख्य बनाम उप की और तीसरी उप बनाम उप की। ये सब एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में भड़काऊ बयान दे रहे हैं।

अखिलेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों पर अप्रत्यक्ष रूप से यह कटाक्ष किया। यादव ने मौर्य द्वारा भाजपा को प्रखर राष्ट्रवाद कहे जाने पर तंज कसते हुए कहा, जिनको आप कह रहे हैं ‘प्रखर’, उन्हीं की वजह से आप रहे हैं ‘बिखर’, कितनी भी कोशिश कर लें आपको नहीं मिलेगा ‘शिखर’। इसी पोस्ट में यादव ने मौर्य को सलाह देते हुए कहा, करें कुछ अच्छा काम, न दें खोखले-से बयान! ख़ुद का और अपने समाज का कराएं सम्मान!

केशव मौर्य ने अखिलेश के साथ राहुल पर भी साधा निशाना

उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख पर जोरदार हमला बोला। शनिवार को सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, सपा मतलब ‘लठैतवाद’, कांग्रेस मतलब ‘छद्मवाद’ और भाजपा मतलब ‘प्रखर राष्ट्रवाद’। इसके बाद केशव मौर्य ने दूसरा पोस्ट किया। इस पोस्ट में केशव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने दुश्मनों के होश उड़ाए। लेकिन नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी सहित कुछ कांग्रेसियों का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। भारत-विरोधी गैर-ज़िम्मेदाराना बयानबाज़ी कर रहे हैं। सेना के शौर्य पर सवाल, और पाकिस्तान पर रहम! कांग्रेस के लिए वोट बड़ा है, देश और वीरता नहीं!

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *