यूपी में उपचुनाव के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी की योगी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा उपचुनाव में जीतने के लिए अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक कर रही है। इस बात की रणनीति बन रही है कि किस तरह भाजपा को जिताया जाए और सपा को हराया जाए। पीडीए परिवार के लोग एकजुट हो गए हैं। इस बार यह लोग कितनी भी रणनीति बना लें लेकिन कामयाब नहीं होंगे।

लखनऊ के सपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह से धोखा दिया है, लोग समझ गए हैं कि भाजपा पीडीए की दुश्मन है। उपचुनाव में भी यह देखने को मिल गया है। बीएलओ को हटाना, अधिकारियों को हटाना, पुलिस वालों की जात की जानकारी करना, फिर हटाना। जाति के आधार पर निर्देश देना और फिर अपने अधिकारियों की गुपचुप बैठक करना। लखनऊ में इन अधिकारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई है कि भाजपा को कैसे जिताएं और सपा को कैसे हराएं।

अखिलेश ने कहा कि जिलाधिकारी भाजपा के जिलाध्यक्ष बन गए हैं। अंबेडकरनगर से ऐसी सूचना आई है। प्रधानों और कोटेदारों को खोजखोजकर डरा रहे हैं। सवाल किया कि क्या आईएएस अकादमी में यही सिखाया जाता है? इन अधिकारियों की तस्वीर लगाकर हम बताएंगे कि यह अधिकारी नहीं हैं, भाजपा के पदाधिकारी बनकर काम कर रहे हैं।

कानपुर में कल हुई तीन घटनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि लगता है कि पुलिस वाले ही सरकार चला रहे हैं। 25 लाख का सोना गायब कर देती है। कारोबारी से पुलिस ही लूटपाट कर रही है। कांस्टेबल से रेप हो जा रहा है।

अखिलेश् ने कहा कि इसी सरकार में डीजीपी रहे अधिकारी का कहना कि यूपी पुलिस बहुत दबाव में है। निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर पा रही है। अगर पुलिस के इतने बड़े अधिकारी यह बात कह रहे हैं तो क्या हालत है। भाजपाइयों ने तो लगता है पुलिस पर ही हथकड़ी लगा दी है। जब बीजेपी का इतना दबाव है पुलिस कैसे काम करेगी। फेक इनकाउंटर में यूपी को नंबर वन बना दिया है। मंगेश यादव की हत्या की गई, फिर बराबर करने के लिए ठाकुर को मार दिया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *