अयोध्या के राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए ट्रस्ट की ओर से गठित सर्च कमेटी के तीनों सदस्य सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और उद्योगपति सुरेश हावड़े सोमवार की दोपहर अयोध्या पहुंच गए। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज से मणिराम छावनी स्थित उनके आश्रम में पहुंच कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन भी उनके साथ मौजूद रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सर्च कमेटी के द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के नामों का पैनल अध्यक्ष महंत श्रीदास को सौंपा जाएगा। सर्च कमेटी के द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले पैनल में से चयनित किसी एक पर ट्रस्टियों की सहमति के बाद दो सितंबर को पहले सीईओ के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

सीईओ की नियुक्ति के बाद प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय व्यवस्था उन्हीं के हाथों में रहेगी और व्यवस्था का संचालन वह ट्रस्ट महासचिव के सुझावों के अनुरूप करेंगे। सर्च कमेटी ने अलग-अलग श्रेणियों के तीन -तीन नामों का पैनल 16 उम्मीदवारों के साक्षात्कार के उपरांत किया है। हालांकि इस पद के लिए देश भर से आईएएस और आईपीएस के अलावा सेना के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़े 5585 आवेदकों ने आवेदन किया था। इतनी बड़ी संख्या में आए आवेदनों की स्क्रीनिंग के लिए सर्च कमेटी ने विशेष माडल तैयार किया।

राम मंदिर ट्रस्ट की एक दिवसीय बैठक दो अलग-अलग सत्रों में मणिराम छावनी में दो सितंबर को अपराह्न दो बजे से होगी। इस बैठक में ट्रस्ट के आठ नियमित सदस्यों में से जगद्गुरु माध्वाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ चातुर्मास के कारण अयोध्या नहीं आएंगे। बताया गया कि वह दिल्ली में चातुर्मास कर रहे हैं। वहीं रामम मंदिर ट्रस्ट की दो सितंबर को होने वाली बैठक में अलग-अलग समितियों धार्मिक न्यास समिति, निर्माण समिति, वित्त समिति व आडिट के अलावा मैनेजिंग कमेटी का पुनर्गठन भी किया जाएगा।

हालांकि 22 जुलाई को हुई बैठक में धार्मिक न्यास समिति का पुर्नगठन किया गया था लेकिन संतों के बीच नामों पर आम सहमति न बन पाने के कारण तीन अतिरिक्त नामों की घोषणा नहीं की गयी। नौ सदस्यीय इस कमेटी में चार ट्रस्टियों को शामिल कर पूर्ति दिखा दी गयी थी। इनमें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, जगद्गुरु माध्वाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ व युगपुरुष स्वामी परमानंद के अलावा निर्मोही अखाड़ा महंत दिनेंद्र दास शामिल थे। मिली जानकारी के अनुसार नियमित ट्रस्टी के कारण तीन दिग्गज संतों शंकराचार्य, माध्वाचार्य और युगपुरुष को पदेन समिति में सदस्य बनाया जा सकता है।

इसके कारण इन तीनों के स्थान पर अयोध्या के तीन अन्य संतों का समायोजन किया जाएगा। इस समिति के अध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि व निर्मोही अखाड़ा महंत दिनेंद्र दास सदस्य बने रहेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट की मुख्य बैठक दूसरे सत्र में चार बजे से होगी। इसके पहले अपराह्न दो बजे से विशेष बैठक भी प्रस्तावित है। इस बैठक में सबसे पहले ट्रस्टियों के रिक्त तीन पदों की पूर्ति पर विचार किया जाएगा। इसके उपरांत पूर्णकालिक महासचिव के नाम पर विचार विमर्श किया जाएगा। वहीं विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त मंत्री के रूप में गुजरात प्रांत के वह पहले से प्रभारी नियुक्त हैं। इस बीच बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता के बजाय मीडिया प्रभारी के नाम की भी घोषणा की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *